Ranchi: हजारीबाग की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर भाजपा नेताओं के बयानों को अत्यंत संवेदनशील मामले में ओछी राजनीति करार देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का चरित्र हमेशा से ही घटनाओं को सुलझाने के बजाय उस पर रोटियां सेंकने का रहा है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कुसुंबा की घटना अत्यंत हृदयविदारक है और राज्य सरकार इसे लेकर पूरी तरह गंभीर है। सरकार द्वारा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गये हैं। पुलिस प्रशासन अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि यह झारखंड है, यहां अपराधियों को संरक्षण नहीं बल्कि सलाखों के पीछे भेजा जाता है। कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जो भाजपा नेता आज कानून व्यवस्था की दुहाई दे रहे हैं, वे हाथरस, उन्नाव और मणिपुर की वीभत्स घटनाओं पर मौन क्यों थे? क्या वहां की बेटियां भारत की बेटियां नहीं थीं? भाजपा को केवल गैर-भाजपा शासित राज्यों में ही अपराध दिखता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि एक तरफ पूरा प्रदेश रामनवमी मना रहा है, शांति की अपील कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा हजारीबाग बंद और आंदोलन की बात कर शांति व्यवस्था भंग करने की साजिश रच रही है। यह जनता को परेशान करने की मानसिकता है।
