Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य आलोक कुमार दूबे ने राज्य में ईद उल फितर, सरहुल, रामनवमी महोत्सव और चैती दुर्गा पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन पर खुशी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और राज्य की अमन-पसंद जनता को बधाई, धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।

 

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के इन प्रमुख पर्वों का शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होना झारखंड की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि रांची प्रशासन की ऐसी बेहतर व्यवस्था और समन्वय पूरे भारत देश के लिए एक प्रेरणा बन सकता है।

आलोक दूबे ने कहा कि राज्य की जनता ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का परिचय देते हुए पूरे देश को सकारात्मक संदेश दिया है, और यह दिखाया है कि विविधता में एकता कैसे मजबूत समाज की नींव बनती है। उन्होंने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय आरक्षी अधीक्षक राकेश रंजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में जिला एवं पुलिस प्रशासन ने उत्कृष्ट समन्वय, सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसी कारण सभी पर्व सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

 

आलोक दूबे ने आगे कहा कि ऐसे अवसर समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमें एक-दूसरे की परंपराओं और आस्थाओं का सम्मान करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि इसी तरह आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे को बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!