Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा कुसुंबा की घटना को लेकर दिए गए बयानों और 3 अप्रैल को झारखंड बंद की घोषणा को पूरी तरह से राजनीतिक पाखंड करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा संवेदनशील मुद्दों पर न्याय दिलाने के बजाय राज्य की शांति भंग करने और विकास की गति रोकने की साजिश रच रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि प्रशासन और पुलिस अपनी पूरी ताकत से अपराधियों के करीब पहुंच चुकी है। भाजपा को जांच प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है क्योंकि वे न्याय नहीं, बल्कि अराजकता चाहते हैं। 2 और 3 अप्रैल को आंदोलन और बंद की घोषणा केवल जनता को परेशान करने और अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने का एक बहाना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और गठबंधन के नेता पहले दिन से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। वित्त मंत्री का वहां जाना और सहायता प्रदान करना सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है, जिसे भाजपा निर्लज्जता कह रही है। असली निर्लज्जता तो वह है जो भाजपा शासित राज्यों में हाथरस और उन्नाव जैसी घटनाओं पर देखी गई थी, जहां अपराधियों को संरक्षण दिया गया।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मामले में उच्च न्यायालय का संज्ञान लेना न्यायपालिका की सक्रियता है, जिसका हम स्वागत करते हैं। लेकिन भाजपा इसका श्रेय लेने की कोशिश न करे। सरकार ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह मामला रेयरेस्ट ऑफ द रेयर की श्रेणी में रखकर स्पीडी ट्रायल चलाया जाए।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आदित्य साहू के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड गरीबों, शोषितों और इंसाफ के लिए लड़ने वालों की है। अपराधियों के लिए यहां केवल सलाखें और फांसी का फंदा है। उन्होंने राज्य की जनता से अपील की कि वे भाजपा के झारखंड बंद के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि पुलिस मुस्तैद है और बहुत जल्द अपराधियों का चेहरा बेनकाब होगा
