Ranchi: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार, तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित बताया है। शाहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर भाजपा आदतन हमलावर रहती है। जब से इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग में सुधार शुरू किया है, तब से भाजपा को यह हजम नहीं हो रहा है।

 

भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं – कांग्रेस

 

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही वे तथ्यों की सही जानकारी रखते हैं। वे केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए मीडिया में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खरीद पूरी तरह से पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत होती है। किसी भी दवा की दरें गुणवत्ता, पैकेजिंग, सप्लाई चेन और डिलीवरी शर्तों के आधार पर तय की जाती हैं। भाजपा शासित राज्यों के केवल चुनिंदा उदाहरणों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना पूरी तरह से हास्यास्पद और दुर्भावनापूर्ण है।

 

टेंडर में धार्मिक कोण ढूंढती है भाजपा

 

शाहदेव ने कहा कि भाजपा की आदत बन चुकी है कि जब भी उनके पास विकास और काम के नाम पर बोलने को कुछ नहीं होता, तो वे टेंडर और प्रक्रियाओं में भी धार्मिक और सांप्रदायिक कोण ढूंढने लगते हैं। किसी फर्म या परिवार के नाम पर अनर्गल आरोप लगाना उनकी नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह वही भाजपा है जो सरकारी टेंडर प्रक्रिया को भी हिंदू-मुसलमान में बांटने की कोशिश करती है। जनता इस साजिश को समझती है।

 

हेमंत सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हुई

 

कांग्रेस महासचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की देखरेख में राज्य के सरकारी अस्पतालों में आम जनता को बेहतर इलाज, मुफ्त दवाइयां और एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सदर अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है, मेडिकल कॉलेजों में सुविधाएं बढ़ी हैं, और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत किया गया है। भाजपा से यह बर्दाश्त नहीं हो रहा कि गरीब जनता को सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाजपा शासित राज्यों में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई थी, लेकिन झारखंड ने बेहतर प्रबंधन किया। आज झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हो रहे हैं।

वोट चोरी पर जवाब नहीं, इसलिए व्यक्तिगत हमला

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के नेता वोट चोरी के गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से भाग रहे हैं। पूरे देश में वोट चोरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कांग्रेस आवाज उठा रही है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं, जिससे घबराकर भाजपा व्यक्तिगत छींटाकशी पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी एक जुझारू नेता हैं और जनता के बीच रहते हैं। उनके काम से जनता खुश है। भाजपा के झूठे आरोपों से उनकी छवि खराब नहीं होगी।

भाजपा जनता का ध्यान भटका रही है

शाहदेव ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार गरीब, आदिवासी, दलित और पिछड़ों के लिए काम कर रही है। 200 यूनिट मुफ्त बिजली, अबुआ आवास, मैय्या सम्मान योजना जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। इससे भाजपा बौखलाई हुई है। इसलिए वह बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा अगर आरोप लगाती है तो तथ्यों के साथ आए, दस्तावेज पेश करे। सिर्फ मीडिया में बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा। जनता सब जानती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!