Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा द्वारा स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर दिए गए बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह निराधार, राजनीति से प्रेरित और बेबुनियाद बताया, क्योंकि स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने 108 एम्बुलेंस कर्मियों के हड़ताल प्रारंभ होने के कुछ ही घंटों पर वार्ता कर इस गंभीर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जो स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य करने की दिशा में एक सराहनीय पहल थी ।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 108 एंबुलेंस कर्मी के स्ट्राइक को लेकर के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और झारखंड की सरकार पूरी तरह से संजीदा है और यही वजह है कि वैकल्पिक व्यवस्था भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस कर्मियों की जो भी वाजिब मांगें होगी, सरकार निश्चित रूप से संजीदगी से उनके बातों को सुनेगी। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से जो भी मरीज एंबुलेंस सेवा से अस्पतालों तक पहुंचते हैं , उसका बहुत जल्द समाधान ढूंढ लिया जाएगा।

 

लाल किशोर नात शाहदेव ने कहा कि आज स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली भाजपा को पहले अपने 18 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब डबल इंजन की सरकार थी, तब राज्य के अस्पतालों की स्थिति बद से बदतर थी। आज झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम हो रहा है।

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर लगाए गए रील बनाने के आरोपों का खंडन करते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा आदतन डॉ इरफान अंसारी पर हमलावर रहती है । बीजेपी नेताओं की आदत सिर्फ सोशल मीडिया की सुर्खियों में बने रहने और जनता को गुमराह करने की है। स्वास्थ्य मंत्री धरातल पर उतरकर अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए दिन-रात सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष उनकी इस सक्रियता और लोकप्रियता से बौखला गया है, इसलिए बेबुनियाद बयानबाजी कर रहा है।

 

108 एंबुलेंस कर्मियों और डॉक्टरों के आंदोलन की चेतावनी के संदर्भ में लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार संवाद और समन्वय में विश्वास रखती है। सरकार कर्मचारियों और चिकित्सकों की वाजिब मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है, ताकि समय रहते सभी समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकाला जा सके और आपातकालीन सेवाएं किसी भी, स्थिति में बाधित न हों।

 

भाजपा द्वारा स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कड़ा प्रहार करते हुए लाल किशोर नात शाहदेव ने कहा कि नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। जनता सब जानती है कि कैसे भाजपा ने अपने शासनकाल में स्वास्थ्य तंत्र को बर्बाद कर दिया था। हमारी सरकार पारदर्शी और जनहितैषी तरीके से काम कर रही है। राज्य की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और विपक्ष के राजनीतिक षड्यंत्रों से सरकार के विकास कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!