Ranchi: पर्यावरण दिवस के मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के दिशा निर्देश पर राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न विभिन्न जिलों में शिक्षाविदों एवं स्कूली बच्चों द्वारा एक लाख से अधिक वृक्ष लगाकर पासवा का वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने पर्यावरण अभियान एवं पर्यावरण जागरूकता हेतु पासवा का पोस्टर लांच करते हुए कहा, कि संपूर्ण झारखंड में पर्यावरण की रक्षा के लिए शुरू किया गया पासवा का अभियान निश्चित रूप से सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पासवा द्वारा झारखंड में स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से 50 लाख से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए वे झारखंड के प्रत्येक जिले के वन विभाग एवं वन पदाधिकारी से बात कर पासवा जिला अध्यक्ष एवं प्रत्येक विद्यालय को पौधा उपलब्ध करवाएंगे। पासवा के अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों और उनके अभिभावक को इस अभियान में जोड़ने से झारखंड में लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ पासवा ने जंग प्रारंभ कर दिया है झारखंड में 47 हजार से अधिक निजी विद्यालय हैं और पासवा का यह संकल्प है कि इस अभियान में इतनी बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के बच्चे 50 लाख से अधिक वृक्ष लगा कर पर्यावरण को संरक्षण एवं संवर्धन प्रदान करेंगे। वहीं पासवा के प्रदेश महासचिव नीरज सहाय ने कहा कि इस अभियान के तहत झारखंड के छोटे निजी विद्यालयों को प्रति विद्यालय 500 से 1000 वृक्ष, मध्यम श्रेणी के विद्यालय को प्रति विद्यालय 2000 से 3000 वृक्ष तथा बड़े संस्थानों को 5000 से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इन विद्यालयों के बच्चे विद्यालय से प्राप्त इन वृक्षों को अपने अपने घरों में अभिभावक के माध्यम से एक-एक वृक्ष लगाकर पासवा के इस 50 लाख वृक्ष लगाने के उद्देश्य को पूरा करेंगे।
पासवा के प्रदेश महासचिव फलक फातिमा ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पासवा द्वारा झारखंड के समाज को भी जागृत करने का प्रयास किया जाएगा. पौधा लगाओ पर्यावरण बचाओ हैश टैग के साथ सभी विद्यालय में अपनी-अपने बच्चों को शिक्षकों या उनके अभिभावकों के साथ पौधा लगाते हुए सेल्फी भी अपलोड करेंगे, ताकि सोशल मीडिया के माध्यम से पर्यावरण के संरक्षण हेतु जागृति भी फैलाई जा सके। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता पर पेंटिंग, प्रदर्शनी, स्लोगन प्रतियोगिता, लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी ताकि पर्यावरण के प्रति जन जागृति का आंदोलन तेज किया जा सके।
पासवा वॉलिंटियर विशाल सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से जन जन तक पौधारोपण का संदेश पहुंचते हुए कहा कि एक वृक्ष नहीं, एक भविष्य लगाइए,झारखंड में 50 लाख पौधों का संकल्प केवल एक संख्या नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जीवनदायिनी सौगात है। हर बच्चा बनेगा हरियाली का दूत, यही है पासवा का लक्ष्य!
वहीं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह द्वारा पर्यावरण जागृती हेतु पासवा के पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, प्रदेश महासचिव नीरज कुमार फलक फातिमा,आकांक्षा के डायरेक्टर वी.के.सिंह,केराली स्कूल के प्रिंसिपल राजेश पिल्लई,हजारीबाग जिला अध्यक्ष मींकू प्रसाद, मेघाली सेन गुप्ता,अजहर आलम ,सैयद अकबर, ज्योति कुमारी, तोषी कुमारी, प्रीति सिंह, आरजू सभा, सोनिया बिलॉन्ग, अनामिका दुबे, आरती कुमारी, शालिनी, वीणा कुमारी, खुशी कुमारी, अंजली कुमारी, साक्षी कुमारी, रूपा राव, सलोनी कुमारी, विशाखा कुमारी, अंकिता सिंह, श्रुति तिवारी, अनुष्का कुमारी, रोशन लिंडा, रौनक जायसवाल, रुखसार, नवरस नदीम, केसर आलम, हसनैन राजा, सैफ अहमद, जैद आलम अजहर, प्रिंस राज, रितेश कुमार, अनन्या कुमारी, नाज परवीन, सनाउल्लाह, गौरी कुमारी, गरिमा सिंह, सोनी कुमारी सहित सैकड़ो शिक्षाविद एवं पासवा के एक्टिव वालंटियर उपस्थित थे।