Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की ओर से पुल-पुलियों की स्थिति पर चिंता दर्शाने के बयान को राजनीति से प्रेरित करार दिया है। झारखंड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल  किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी रांची के जिस सिल्ली विधानसभा क्षेत्र और चतरा लोकसभा की बात कर रहे हैं, उस क्षेत्र में बीजेपी और आजसू पार्टी का भी लंबे समय तक जन प्रतिनिधी रहा है। आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो और बीजेपी नेता सुनील सिंह और कालीचरण सिंह के  रवैये के कारण ही इन क्षेत्रों की हालत दयनीय है। केंद्र सरकार की ओर से झारखंड का बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपया भी नहीं दिया जा रहा है, जबकि राज्य सरकार अपने संसाधनों की मदद से सड़क का निर्माण कराने में जुटी है।

झारखण्ड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि इस वर्ष राज्य सरकार ने 1200 किलोमीटर से अधिक की सड़कों की मजबूती और 10 उच्चस्तरीय पुल के अलावा कई छोटे पुल -पुलियों के निर्माण का निर्णय लिया है। पिछले पांच साल में 4000 किलोमीटर से अधिक सड़क का निर्माण हुआ। यह बात भी सही है कि कई पुराने पुल क्षतिग्रस्त होने से मुश्किलें खड़ी हुई, लेकिन इसके लिए राज्य सरकार अपने आर्थिक संसाधनों  से हर संभव विकास कार्य को अंजाम दे रही है। इसी का परिणाम है कि आज सिर्फ राजधानी रांची में तीन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, कई अन्य बड़ी सड़क परियोजनाओं को भी मूर्त रूप देने की कोशिश की जा रही है।

 

लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को सड़कों की खास्ताहाल स्थिति पर टिप्पणी करने की जगह दिल्ली जाकर बीजेपी के नेताओं से मुलाकात करनी चाहिए, ताकि झारखंड को बकाया और विशेष अनुदान मिल सके। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी रांची के सिल्ली और चतरा के हंटरगंज जैसे कई इलाकों में नदी पर पुल नहीं होने से लोगों को भारी कठिनाईयों की बात कह रहे हैं, तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि अपने मुख्यमंत्रित्व काल में इस क्षेत्र के विकास पर क्यों ध्यान नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!