Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद है और उसका सम्मान हमेशा झारखंड की जनता तथा राज्य सरकार ने किया है।

 

उन्होंने कहा कि जब भी महामहिम राष्ट्रपति का झारखंड आगमन हुआ है, राज्य सरकार और मंत्रिपरिषद ने पूरे सम्मान और प्रोटोकॉल के साथ उनका स्वागत किया है। इतना ही नहीं केंद्र सरकार के मंत्रियों के झारखंड आगमन पर भी सरकार सुरक्षा से लेकर प्रोटोकॉल तक हर व्यवस्था का पूरा ख्याल रखती है।

 

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जिस तरह का दर्द व्यक्त कर रहे हैं, वह महज राजनीतिक बयानबाजी है। पूरे देश ने कई बार देखा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में राष्ट्रपति को आमंत्रित तक नहीं किया जाता और उनके सामने किसी अन्य संवैधानिक पद को महत्व नहीं दिया जाता। यह बात किसी से छिपी हुई नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। राष्ट्रपति के सम्मान का मुद्दा राजनीतिक लाभ के लिए उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी हमेशा संवैधानिक पदों की गरिमा और परंपराओं के संरक्षण के पक्ष में रही है और आगे भी रहेगी।

 

दूबे ने कहा कि भाजपा नेताओं को अनर्गल बयानबाजी छोड़कर देश की संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए तथा इस विषय पर बेवजह की राजनीति करने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!