Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के उस बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने झारखंड के विकास का पूरा श्रेय केंद्र सरकार को देने की कोशिश की है।आलोक दुबे ने कहा कि “केंद्र सरकार योजनाओं की सूची गिनाकर वाहवाही लूटना चाहती है, लेकिन झारखंड की जनता ज़मीन पर हकीकत देख रही है।”उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन, रेलवे स्टेशन विकास, हाईवे और EMRS जैसी योजनाएं केंद्र की हो सकती हैं, लेकिन उनका वास्तविक क्रियान्वयन और लाभ जनता तक पहुंचाने का काम राज्य सरकार के सहयोग और प्रशासनिक व्यवस्था से ही संभव होता है।

झारखण्ड कांग्रेस महासचिव ने तंज कसते हुए कहा, “दिल्ली में बैठकर आंकड़े पढ़ देना आसान है, लेकिन गांव-गांव में उन योजनाओं को उतारना ही असली काम है — और वही काम झारखंड की वर्तमान सरकार कर रही है।”उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ₹79 हजार करोड़ जैसी बड़ी रकम का जिक्र करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि इन योजनाओं का कितना पैसा वास्तविक रूप से खर्च हुआ और कितना अभी कागज़ों में ही घूम रहा है।

आलोक कुमार दुबे ने कहा कि आज जिन योजनाओं का ढोल भाजपा पीट रही है, उनकी नींव यूपीए सरकार के समय ही रखी गई थी। भाजपा ने केवल नाम बदलकर उन्हें अपनी उपलब्धि बताने का प्रयास किया है, जबकि वास्तविक क्रियान्वयन और धरातल पर काम झारखंड सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार राज्यों के हिस्से में कटौती कर रही है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, फिर भी झारखंड सरकार अपने सीमित संसाधनों में जनता के हित में योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। दुबे ने कहा कि सच्चाई को छिपाकर जनता को गुमराह करना अब ज्यादा दिन नहीं चलेगा।

आलोक दुबे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर योजना को “अपनी उपलब्धि” बताकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि सच्चाई यह है कि बिना राज्य सरकार की सक्रिय भूमिका के कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “भाजपा को लगता है कि ‘घोषणा ही विकास है’, लेकिन झारखंड की जनता अब यह समझ चुकी है कि घोषणा और धरातल में कितना अंतर होता है।”अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और झारखंड सरकार दिखावे के बजाय वास्तविक विकास पर विश्वास करती है और जनता के सामने सच्चाई रखने का काम करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!