Ranchi : पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से रांची के पल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित श्याम पेट्रोल पंप पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पर आने वाले लोगों से मूल्य वृद्धि के खिलाफ हस्ताक्षर कर समर्थन देने की अपील की।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “सखी सैंया तो खूब ही कमात हैं, महंगाई मोदी बढ़ाए जात हैं”, “देश को देना होगा हिसाब – राष्ट्र का सवाल, कब देंगे जवाब”, “जनता त्रस्त मोदी मस्त”, “जवाब दो जवाब दो, कल नहीं आज दो – पेट्रोल डीजल मूल्य वृद्धि पर जवाब दो” तथा “मोदी है तो महंगाई है” जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

अभियान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सह विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शहदेव, डॉ राजेश गुप्ता, राजीव रंजन प्रसाद,डाॅ एम.तौसीफ,पिया बर्मन,शिल्पी कुमारी,मेंहुल दूबे,रंजीत महतो,लालजी प्रसाद समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों से बेपरवाह बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार महंगाई और ईंधन मूल्य वृद्धि के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।डॉ.उरांव ने कहा कि एक समय देश ने अनाज संकट देखा था, लेकिन दूरदर्शी नेतृत्व ने भंडारण व्यवस्था इतनी मजबूत बनाई कि आज विपरीत परिस्थितियों में भी खाद्यान्न सुरक्षा बनी हुई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब अनाज का भंडारण संभव था, तो पेट्रोल-डीजल के रणनीतिक भंडारण, वैकल्पिक ऊर्जा और कोयले से गैस उत्पादन की दिशा में पिछले वर्षों में अपेक्षित तैयारी क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि हमारा विरोध केंद्र सरकार की अर्थनीति को लेकर है। विदेश नीति का मूल सिद्धांत स्पष्ट होना चाहिए — जहां देश को सस्ता और बेहतर तेल उपलब्ध हो, वहां से खरीदारी होनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता, तो इसका सीधा बोझ देश की आम जनता को महंगाई और बढ़ती लागत के रूप में उठाना पड़ता है।

वहीं आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई की मार से त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ प्रचार और जुमलों में व्यस्त है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है और परिवहन लागत बढ़ने से खाने-पीने की वस्तुओं सहित सभी जरूरी सामान महंगे हो गए हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पेट्रोल और डीजल की मूल्य वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल टैक्स कम करना चाहिए।

डॉ राजेश गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन संकट में आ गया है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से स्वास्थ्य, शिक्षा और दैनिक जरूरतों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार को पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स को कम कर जनता को राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।

मो.तौसीफ ने कहा कि पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि ने युवाओं, छात्रों और रोजगार से जुड़े लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को आम जनता की समस्याओं को समझते हुए तत्काल मूल्य वृद्धि वापस लेनी चाहिए।

कोडरमा जिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मनोज सहाय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनभावनाओं को मजबूत कर रही है ताकि केंद्र सरकार तक आम लोगों की आवाज पहुंच सके।उन्होंने कहा कि जनता अब जवाब मांग रही है कि जब कच्चे तेल की कीमतें पहले की तुलना में कम हैं तो फिर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार क्यों बढ़ाए जा रहे हैं।कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता के हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!