Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों बेरोजगार युवाओं की आंखों में धूल झोंकने के बाद अब भाजपा नेता ‘रोजगार मेला’ के नाम पर इवेंट मैनेजमेंट कर रहे हैं, जो युवाओं के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। उस हिसाब से अब तक 24 करोड़ युवाओं को रोजगार मिल जाना चाहिए था। लेकिन सरकार महज 51 हजार नियुक्ति पत्र बांटकर ऐसे ढोल पीट रही है जैसे उन्होंने बहुत बड़ा तीर मार लिया हो।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस तथाकथित रोजगार मेला में जिन युवाओं को पत्र दिए जा रहे हैं, उनमें से अधिकांश विभागीय पदोन्नति वाले हैं या फिर वो नौकरियां हैं जिनकी प्रक्रिया सालों से लटकी हुई थी। भाजपा सरकार केवल पुरानी और रुकी हुई नियुक्तियों का री-पैकेजिंग करके अपनी पीठ थपथपा रही है।
डॉ. प्रदीप वर्मा जिन रेलवे, बैंकिंग और रक्षा क्षेत्रों का गुणगान कर रहे हैं, हकीकत यह है कि इन सभी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं। अग्निवीर जैसी योजनाओं को लाकर रक्षा क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया गया है और रेलवे का निजीकरण करके युवाओं के पर कतरे जा रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना दिखाना बेहद आसान है, लेकिन आज 2026 में देश का युवा पेपर लीक, सरकारी विभागों के निजीकरण और बढ़ती बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा के लिए रोजगार सिर्फ एक चुनावी स्टंट और इवेंट है, जबकि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लिए यह युवाओं का अधिकार है।
