Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आगामी 6 जुलाई 2026 को शहीद टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में राज्य का सबसे बड़ा छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पासवा के संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में किया जाएगा।

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि इस समारोह में CBSE, JAC एवं ICSE बोर्ड की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 20,000 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना, उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने समारोह का उद्घाटन करने हेतु अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को भी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु आमंत्रित किया जाएगा।

पासवा ने सफल विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपनी मार्कशीट की फोटो कॉपी निम्नलिखित व्हाट्सएप नंबरों पर भेजकर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं:
व्हाट्सएप/संपर्क नंबर : 79037 14760 , 9431109538, 9431114487
ई-मेल : alokdubey.ran@gmail.com

पासवा ने यह भी स्पष्ट किया है कि निजी विद्यालयों के प्राचार्य अपने विद्यालय के सभी सफल विद्यार्थियों की सूची एक साथ उपलब्ध कराकर ग्रुप ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी करवा सकते हैं।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पासवा द्वारा आयोजित यह प्रतिभा सम्मान समारोह न केवल झारखंड बल्कि देश के सबसे बड़े छात्र सम्मान आयोजनों में से एक है। इसके सफल एवं भव्य आयोजन के लिए पासवा की पूरी टीम कई माह पूर्व से ही तैयारी में जुट जाती है तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!