*उपशीर्षक: प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी का राज्य सरकार पर हमला, बोले- डीसी-एसपी सरकार के बंधुआ मजदूर बन गए हैं*

Ranchi: बोकारो जिले के बेरमो फुसरो में 4 माह की गर्भवती महिला अनीता देवी की निर्मम हत्या के मामले में झारखंड भाजपा ने राज्य सरकार को घेर लिया है। प्रदेश भाजपा महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने रविवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने को प्रतिबद्ध है।

भाजपा की 5 बड़ी मांगें

1. मुख्य सरगना की अविलंब गिरफ्तारी: बाउरी ने कहा कि पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है जो नाकाफी है। हत्याकांड का मुख्य सरगना अभी भी खुला घूम रहा है। उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
2. 25 लाख मुआवजा: पीड़ित परिवार को राज्य सरकार 25 लाख रुपये मुआवजा दे।
3.दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई: घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
4. पोस्टमार्टम में धांधली की जांच: निष्पक्ष पोस्टमार्टम प्रक्रिया को खराब करने और बाधक बनने वाले मेडिकल कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
5.प्रशासनिक तंत्र की जांच: बोकारो के डीसी, एसपी और स्थानीय थानों की भूमिका की भी जांच हो। बाउरी ने कहा कि पूरे तंत्र और संगठित गिरोह की जांच होनी चाहिए जो कांग्रेस और उनके विधायक के संरक्षण में फल फूल रहा है।

सरकार ने मामले को मैनेज करने की कोशिश की

अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, स्थानीय डीसी, एसपी और स्थानीय कांग्रेस विधायक के इशारे पर मामले को मैनेज करने का हरसंभव प्रयास किया गया। “भाजपा ने बोकारो चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया तब जाकर आनन फानन में 6 लोगों की गिरफ्तारी दिखाई गई। पुलिस अपना दामन बचाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के डीसी और एसपी मानो राज्य सरकार के बंधुआ मजदूर बन चुके हैं। “ये लोग कानून संविधान से नहीं बल्कि अपने सत्ता पक्ष के आकाओं को खुश करने के लिए काम करते हैं। बोकारो जिला पूरी तरह पंगु बना हुआ है।”

क्या है पूरा मामला

फुसरो में भुईंया समाज की 4 माह की गर्भवती अनीता देवी की कोयला माफियाओं ने उनके पति के सामने पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या करने वाले अपराधी ही शव को पोस्टमार्टम हाउस ले गए और मृतका के पति से जबरन हस्ताक्षर कराकर पोस्टमार्टम करवा दिया। फिर परिजनों पर अंतिम संस्कार का दबाव डाला गया। मानवता को शर्मसार करने वाली यह खबर फैलते ही हजारों लोग सड़क पर उतर आए और शव लेकर जाम कर दिया। भाजपा नेताओं को सूचना मिलते ही जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज, वार्ड पार्षद अर्चना और सांसद ढुल्लू महतो घटनास्थल पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पल पल जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्य सचिव से बात की।भाजपा ने चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया तो प्रशासन ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर चक्का जाम स्थगित कर दिया गया।

भाजपा का अगला कदम

1. पीड़ित परिवार से मुलाकात: पार्टी के लोग 1 जून को फिर पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।
2.अनुसूचित जाति आयोग को पत्र: प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो अनुसूचित जाति आयोग को लिखित रूप से सूचित किया जाएगा।
3.आंदोलन जारी: बाउरी ने कहा कि यह केवल एक महिला की हत्या नहीं है, बल्कि उसके पेट में पल रहे शिशु की हत्या का भी मामला है। हेमंत सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिला हुआ है।

कांग्रेस विधायक पर निशाना

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक और कांग्रेस पार्टी दलित हितैषी होने का राग अलापती है, लेकिन इतनी बड़ी घटना के बाद भी स्थानीय विधायक वहां झांकने तक नहीं गए। “जिन गुर्गों ने घटना को अंजाम दिया है, उन्हें पूरा संरक्षण मिला हुआ है। घटना के मुख्य सरगना को बचाने के लिए कांग्रेस विधायक पूरी ताकत से लगे हैं। सरगना को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।”

बोकारो पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

बाउरी ने पिंडराजोरा थाना की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पूरा थाना सस्पेंड हुआ, एसपी हटाए गए, फिर भी पुलिस की कार्यशैली में बदलाव नहीं आया। “चास इलाके की एक घटना में मंत्री इरफान अंसारी अपराधियों के पक्ष में खड़े होकर कहते हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार आपके साथ है। ऐसे में सिस्टम पर आम लोगों का भरोसा कैसे कायम रहेगा। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज और एससी मोर्चा के प्रवक्ता राकेश भी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!