Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बीजेपी के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने बीजेपी की बयानबाजी को युवा विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीजेपी को राज्य के युवाओं को रोजगार मिलना हजम नहीं हो रहा है। जब भी हमारी सरकार युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपती है, बीजेपी के पेट में दर्द होने लगता है। सहायक आचार्यों की यह नियुक्ति शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम है, लेकिन सकारात्मक राजनीति के बजाय बीजेपी केवल कमियां ढूंढने और फोटो सेशन का राग अलापने में व्यस्त है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आंकड़ों पर बात करते हुए कहा कि बीजेपी आज जिन 50 हजार रिक्त पदों की दुहाई दे रही है, वह वस्तुतः उन्हीं के शासनकाल की देन है। रघुवर दास के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार ने पांच सालों तक युवाओं को सिर्फ ठगा और स्कूलों को बंद करने का काम किया। वर्तमान गठबंधन सरकार उन खाली पड़े पदों को सिलसिलेवार तरीके से भरने का काम पूरी पारदर्शिता के साथ कर रही है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राज्य में शिक्षक-छात्र अनुपात पर बीजेपी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य के सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने न सिर्फ नई नियुक्तियां शुरू की हैं, बल्कि सालों से लंबित पारा शिक्षकों के मानदेय और सेवाशर्तों से जुड़े मुद्दों को भी सुलझाया है।

उन्होंने कहा कि प्रभारी प्रधानाचार्यों की व्यवस्था को भी स्थायी करने की प्रक्रिया चल रही है। जो तंत्र बीजेपी सरकार के समय पूरी तरह चरमरा गया था, उसे पटरी पर लाने में थोड़ा वक्त जरूर लग रहा है, लेकिन मंशा साफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!