Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को जनहित और राज्य के अधिकारों से कोई लेना-देना नहीं है। एमएमडीआर कानून में केंद्र सरकार द्वारा किए गए संशोधन झारखंड जैसे समृद्ध राज्य के आर्थिक हितों पर सीधा हमला हैं। राज्य सरकार झारखंड के जल, जंगल और जमीन के हक की लड़ाई लड़ रही है, जिसे भाजपा “राजनीति” कहकर राज्य की जनता और यहां के संसाधनों का अपमान कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर कांग्रेस और गठबंधन सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त ‘कदाचार निवारण कानून’ बनाया है। सीआईडी की जांच पूरी निष्पक्षता और तेज गति से आगे बढ़ रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, सलाखों के पीछे जाएगा।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर शाहदेव ने कहा कि भाजपा बात-बात पर सीबीआई जांच का झुनझुना पकड़ाने की कोशिश करती है, जबकि देश जानता है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को केवल अपने राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने का माध्यम बना दिया है। जहां-जहां भाजपा शासित राज्य हैं चाहे मध्य प्रदेश का व्यापमं घोटाला हो या अन्य राज्यों के पेपर लीक, वहां भाजपा की जुबान क्यों बंद हो जाती है?

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आदित्य साहू के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार ने रिकॉर्ड भर्तियां निकाली हैं और पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। भाजपा के पास न कोई नीति है, न कोई मुद्दा। जब केंद्र की नीतियां झारखंड के राजस्व को नुकसान पहुंचाती हैं, तब भाजपा के नेता मौन रहते हैं और जब राज्य सरकार अपने अधिकार मांगती है तो इसे मुद्दा भटकाना करार देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!