Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा नेता अमर बाउरी के बयान को राजनीति से प्रेरित, तथ्यहीन और झारखंड की जनता को गुमराह करने वाला करार दिया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि परिसीमन के संवेदनशील मुद्दे पर अपनी विफलताओं और साजिशों को छिपाने के लिए भाजपा उलटे कांग्रेस पर आरोप लगा रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि परिसीमन के नाम पर झारखंड में आदिवासियों की राजनीतिक भागीदारी और आरक्षित सीटों को प्रभावित करने की साजिश केंद्र की भाजपा सरकार रच रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश के जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी है। भाजपा को कांग्रेस से माफी मांगने की बात कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
गृह मंत्री अमित शाह के तथाकथित 50 प्रतिशत बढ़ोतरी वाले मॉडल पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा जुमलेबाजी छोड़ स्पष्ट करे कि परिसीमन का संवैधानिक और न्यायसंगत आधार क्या होगा। केवल हवाई घोषणाएं करने से आदिवासी समाज का विश्वास नहीं जीता जा सकता। भाजपा बताए कि परिसीमन आयोग के गठन और उसकी पारदर्शी प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार की मंशा क्या है?
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि अमर बाउरी का यह कहना कि कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया, हास्यास्पद है। देश में आदिवासियों को जल-जंगल-जमीन का अधिकार देने वाला वन अधिकार कानून, पेसा कानून और जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कांग्रेस की सरकारों की ही देन है। इसके विपरीत, भाजपा शासनकाल में हमेशा जल, जंगल और जमीन को उद्योगपतियों के हवाले करने की कोशिशें हुई हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना झारखंडियों के लंबे संघर्ष और शहादत का परिणाम है ।आज जब गठबंधन सरकार आदिवासियों, मूलवासियों और वंचितों के हक-अधिकार के लिए काम कर रही है, तब भाजपा अनर्गल बयानबाजी कर विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रही है।
