Ranchi : झारखंड में मंईयां सम्मान योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार MMDR (माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) कानून लागू कर मंईयां सम्मान योजना को बंद कराना चाहती है, लेकिन राज्य सरकार ऐसा नहीं होने देगी।
शाहदेव ने कहा कि राजस्व संवर्धन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है कि राज्य सरकार इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी और सेस वसूलना जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महागठबंधन सरकार की प्रतिबद्धता है कि हम MMDR के खिलाफ कानूनी लड़ाई के लिए भी तैयार हैं। हम झारखंड के हितों से कोई समझौता नहीं करेंगे।
भाजपा प्रवक्ता के बयान पर पलटवार – बताया हताशा से प्रेरित
कांग्रेस महासचिव ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो के बयानों पर भी जमकर पलटवार किया। उन्होंने रमाकांत महतो के बयानों को पूरी तरह से आधारहीन, गैरजिम्मेदाराना और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया।
शाहदेव ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में राज्य की मातृशक्ति द्वारा पूरी तरह खारिज किए जाने के बाद भाजपा नेता मानसिक संतुलन खो चुके हैं और महागठबंधन सरकार की ऐतिहासिक सफलताओं पर अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। भाजपा को हार पच नहीं रही है, इसलिए वह मंईयां सम्मान जैसी सफल योजना पर झूठ फैला रही है।
एक भी पात्र महिला का नाम नहीं कटा – शाहदेव
मंईयां सम्मान योजना से महिलाओं का नाम काटे जाने के आरोपों पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र महिला का नाम योजना से नहीं काटा गया है। सरकार की मंशा यह सुनिश्चित करने की है कि योजना का लाभ शत-प्रतिशत सही, गरीब और जरूरतमंद बहनों तक सीधे पहुंचे।
उन्होंने कहा कि फर्जी खातों, तकनीकी त्रुटियों और अपात्र आवेदनों को छांटने के लिए एक सामान्य और पारदर्शी सत्यापन प्रक्रिया चल रही है। इसे नाम काटना कहकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। यह रूटीन प्रक्रिया है, जो हर सरकारी योजना में होती है।
राशि 1000 से बढ़ाकर 2500 की, महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चुनाव से पहले हमने जो वादा किया था, उसे सरकार बनते ही लागू किया। योजना की राशि एक हजार से बढ़ाकर ढाई हजार रुपये कर दी गई है। मंईयां सम्मान योजना ने राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है।
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा, जिसने केंद्र में रहकर हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने और 15 लाख रुपये खाते में भेजने का सिर्फ ‘जुमला’ दिया, उसे हमारी पारदर्शी और नीयत-साफ योजनाओं पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
गरीब महिलाओं को पैसा मिलते ही भाजपा के पेट में दर्द – शाहदेव
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब-जब राज्य की आदिवासी, दलित, पिछड़ी और गरीब महिलाओं के हाथ में सीधे पैसे पहुंचते हैं, तब-तब भाजपा नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है। भाजपा शुरू से ही इस योजना को बंद कराने के षड्यंत्र रचती रही है, लेकिन राज्य सरकार झारखंड की बहनों के अधिकारों पर कोई आंच नहीं आने देगी।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राज्य की सभी बहनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र महिला का आवेदन तकनीकी कारणों से अटका है, तो उसे सुधारकर तुरंत भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार और पूरा प्रशासन इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंईयां सम्मान योजना जारी रहेगी और और अधिक मजबूती के साथ चलेगी।
