Ranchi: झारखंड भाजपा में नई ऊर्जा और नए मिशन की शुरुआत हो गई है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में पदभार संभालते ही 2029 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा – “सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह से हम सबों को कोई नहीं रोक सकता है।”

भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों का भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया, साथ ही निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोह सह प्रदेश पदाधिकारी बैठक और सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक में भाजपा का पूरा शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा।

जब बंगाल और दिल्ली जीत गए तो झारखंड क्यों नहीं

 

प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से कहा कि यह राज्य हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं को जो दायित्व और जिम्मेदारी मिली है, उसका उन्हें पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना है। पटेल ने कहा, “जब हमने दृढ़ संकल्प लेकर पश्चिम बंगाल में संगठन को खड़ा कर दिया, दिल्ली पर फतह हासिल कर ली, उड़ीसा में पहली बार सरकार बना ली, तो झारखंड में तो हम पहले कई बार सरकार बना चुके हैं, फिर यह प्रदेश हम क्यों नहीं जीत सकते हैं? हम सबों को मिलकर झारखंड को गढ़ना है और इसकी दशा और दिशा बदलनी है। 2029 में हर हाल में झारखंड फतह करना है, इसी संकल्प के साथ हमें काम करना है।”

गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आधार और विचारधारा पर खड़ी है। वे केवल राजधानी मुख्यालय में नहीं, बल्कि जिला, विधानसभा से लेकर जरूरत पड़ी तो मंडल स्तर तक जाकर सकारात्मक दृष्टि के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी पार्टी की खूबियों और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेंगे।

सेवा ज्योति संकल्प यात्रा को बताया प्रेरणा

प्रदेश प्रभारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान को आने वाले समय में प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को पूरे मनोयोग से और अच्छे से करना है। पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे उनके लिए हमेशा उपलब्ध हैं। “आप लोगों के पास कोई सुझाव हो तो आप बेहिचक हमसे या सह-प्रभारी से साझा कर सकते हैं। सब कुछ झारखंड के कार्यकर्ताओं को ही करना है, हम सभी केवल रास्ता बनाएंगे। हम आपके साथ मिलकर सहयोगी के रूप में काम करने आए हैं। हम नीचे स्तर पर जाकर काम करेंगे और परिणाम देने का काम करेंगे। अगर भाजपा का कार्यकर्ता किसी चीज को पाने का ठान ले तो कुछ भी असंभव नहीं है।”

पटेल ने कहा कि झारखंड वीरों और कर्मों की भूमि है। यहां आकर गर्व महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ किए गए अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया, क्योंकि इसी झारखंड की धरती से पूरे देश के जनजातीय समाज में संदेश जाता है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बोले – बिरसा मुंडा की मिट्टी को नमन कर शुरुआत

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारियों ने अपने कामकाज की शुरुआत झारखंड के वीर सपूत बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में जाकर इस पवित्र मिट्टी को नमन कर की, इसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर झारखंड प्रदेश में किए गए कार्यों की अद्यतन जानकारी दी एवं भावी कार्यक्रमों को पूरे मनोयोग से और सफलतापूर्वक करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में लगे कार्यकर्ताओं को उनके बेहतर कार्य के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रमों में नए और पुराने कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने का निर्देश दिया।

आदित्य साहू ने आगामी 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में बनाए गए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के नामों की घोषणा की और झारखंड प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को आश्वस्त किया कि झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं को केंद्र से जो भी कार्यक्रम दिए जाते हैं उसे गंभीरता के साथ किया जाता है और आगे भी किया जाता रहेगा।

संगठन महामंत्री पवन साय का मंत्र – बूथ मजबूत तो चुनाव मजबूत

 

मौके पर संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का काम कई प्रक्रिया के रूप में हमेशा चलता रहता है। यह संगठन विस्तार की एक प्रक्रिया है। उसी निमित्त अभी कई कार्यक्रम चल रहे हैं।

पवन साय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज में जाना चाहिए और काम करना चाहिए। नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार जब कभी भी बनी है तो विकास के कई काम किए गए हैं। मोदी के नेतृत्व में गांव को सड़क से जोड़ने, गांव में बिजली पहुंचाने का काम किया गया है। गरीबों को मुफ्त में गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना के तहत पैसे की कमी से किसी की मृत्यु न हो इसके लिए 5 लाख तक का इलाज खर्च सरकार वहन करती है।

पवन साय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा को मां का दर्जा दिया है, भाजपा के कार्यकर्ता भी पार्टी को माँ मानते हैं और यही भाजपा की सफलता का राज है। भाजपा का सदस्य होना गौरव की बात है।” साय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत और चुनाव जीतने के मंत्र के रूप में बूथ मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि अगर आपका बूथ मजबूत होगा तभी आप चुनाव जीत पाएंगे।

कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई

 

कार्यक्रम में निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सार्वजनिक जीवन पूरे होने के उपलक्ष्य में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ने का काम किया गया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी दी और उसे भव्य रूप से मनाने का निर्देश दिया। इस दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए भाजपा नेताओं ने उन्हें उनके नए दायित्व और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामना दी।

इसके पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का परंपरागत तरीके से काफी भव्य स्वागत किया गया। वहीं प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।

कौन-कौन रहे मौजूद

स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री सह उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार सहित काफी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!