Ranchi:  सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विशेष अभियान 6.0 (Special Campaign 6.0) के तहत सोमवार को सीसीएल मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के प्रांगण में ई-कचरा प्रबंधन: प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

अभियान का शुभारंभ सीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD)  निलेंदु कुमार सिंह ने ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र में स्वयं इलेक्ट्रॉनिक कचरा निस्तारित कर किया। उन्होंने पुराने मोबाइल, की-बोर्ड, माउस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को संग्रहण केंद्र में डालकर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

निदेशक मंडल ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (वित्त)  पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी एवं निदेशक (योजना एवं परियोजना)  अनुप हंजुरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सीएमडी के साथ-साथ तीनों निदेशकों, सभी महाप्रबंधकों और विभागाध्यक्षों ने भी अपने-अपने विभागों से एकत्रित ई-कचरे को संग्रहण केंद्र में डालकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। मुख्यालय के सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी भी इस पर्यावरणीय पहल के साक्षी बने। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ई-कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के प्रति जागरूकता फैलाना है।

सीसीएल के ताऊ’ के AI अवतार का अनावरण, बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान एक और खास पल देखने को मिला जब सीएमडी  निलेंदु कुमार सिंह ने कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस एवं पब्लिक रिलेशंस (CC&PR) विभाग द्वारा निर्मित परिकल्पना ‘सीसीएल के ताऊ’* के AI अवतार का अनावरण किया।

आपको बता दें कि ‘सीसीएल के ताऊ’ पिछले कुछ समय से कंपनी के सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के वीडियोज में दिखाई दे रहे हैं और अपनी देसी शैली और सरल भाषा में सीसीएल की विभिन्न पहलों, सुरक्षा नियमों और गतिविधियों से संबंधित जानकारी को लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचा रहे हैं। अब AI तकनीक से लैस होकर यह अवतार और भी ज्यादा आकर्षक और इंटरैक्टिव हो गया है, जो युवाओं और कर्मचारियों को पर्यावरण और स्वच्छता से जोड़ेगा।

सेल्फी स्टैंड पर दिखा उत्साह

कार्यक्रम स्थल पर ई-कचरा प्रबंधन थीम पर विशेष रूप से तैयार किया गया सेल्फी स्टैंड भी आकर्षण का केंद्र रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘मेरा ई-कचरा, मेरी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं और सोशल मीडिया पर साझा कर दूसरों को भी जागरूक किया।

गौरतलब है कि विशेष अभियान 6.0 भारत सरकार द्वारा सरकारी कार्यालयों में लंबित मामलों के निपटान, स्वच्छता और रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। इसके तहत ई-कचरा प्रबंधन जैसी पर्यावरणीय पहल को बढ़ावा देना सीसीएल की स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत कार्यस्थल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल न केवल ई-कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन को सुनिश्चित करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!