Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव की ओर से राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान को उनकी बौखलाहट और लोकतंत्र विरोधी सोच करार दिया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आज जब देश का आम नागरिक, युवा और विपक्षी दल अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं, तो भाजपा इसे अराजकता और नक्सलवादी विचारधारा करार दे रही है। यह संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से देश के संविधान, कानून के राज और लोकतांत्रिक मूल्यों के सबसे बड़े पैरोकार रहे हैं। न्यायपालिका देश की अंतिम उम्मीद है, और यदि जनता या उसका प्रतिनिधि किसी मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट तक अपनी बात रखने या मार्च करने जाता है, तो इसे दबाव बताना भाजपा की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। दरअसल, भाजपा चाहती है कि विपक्ष पूरी तरह चुप हो जाए और उनकी हर गलत नीतियों पर पर्दा डाल दिया जाए।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सच्चाई यह है कि आज चुनाव आयोग से लेकर तमाम संवैधानिक संस्थाओं को डराने और अपनी मुट्ठी में करने का काम भाजपा कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है और आगे भी महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए तानाशाही ताकतों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद और न्याय के आंगन तक संघर्ष करती रहेगी। भाजपा को लोकतंत्र और जनता के जनादेश का सम्मान करना सीखना चाहिए।
