Ranchi : राजधानी रांची के शालीमार मैदान में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रावण दहन कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने को लेकर रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव, प्रशासक संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान रावण दहन समारोह समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे,अध्यक्ष संजीत यादव, मुख्य संयोजक अभिषेक साहू एवं कार्यकारी अध्यक्ष मेहुल दूबे सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।समाजसेवी जयसिंह यादव,सागर कुमार, कमल कुमार भी मौजूद थे।

इस अवसर पर समिति की ओर से प्रशासन को मांग पत्र सौंपा गया। इसमें कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत, शौचालय, पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं रावण दहन कार्यक्रम की सफलता के लिए नगर निगम प्रशासन हरसंभव सहयोग कर रहा है। स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने पूजा आयोजन समितियों की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने नगर निगम प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासक सुशांत गौरव एक अच्छे एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं। पूजा-पर्व के अलावा सामान्य दिनों में भी नगर निगम की कार्यप्रणाली ने राजधानीवासियों का भरोसा जीता है। साफ-सफाई, नाली एवं सड़क की व्यवस्था तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि शालीमार मैदान का रावण दहन समारोह राजधानी रांची के सबसे पुराने और प्रमुख आयोजनों में से एक है। इस कार्यक्रम में हर वर्ष लाखों लोग शामिल होते हैं। इसे देखते हुए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रावण, मेघनाथ एवं कुंभकरण के विशाल पुतलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिन्हें क्रेन की सहायता से स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम में आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। समिति आयोजन को भव्य बनाने के साथ-साथ सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रतिबद्ध है।
समिति के अध्यक्ष संजीत यादव एवं मुख्य संयोजक अभिषेक साहू ने राजधानीवासियों से रावण दहन समारोह में सपरिवार शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। सभी के सहयोग से इस वर्ष भी समारोह को ऐतिहासिक, भव्य एवं यादगार बनाया जाएगा।
