Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा नेताओं के बयानों को पूरी तरह से राजनीतिक ढकोसला और जुमलेबाजी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा की तरह जनता का ध्यान भटकाने के लिए आदिवासियों के नाम पर कोरे दावे कर रही है, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावी लाभ के लिए जनजातीय गौरव और भगवान बिरसा मुंडा का नाम जपती है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन पर लगातार हमले हुए हैं। उनके अधिकारों को कमजोर करने के लिए कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड के विकास का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने राज्य के बकाए रॉयल्टी और खनन के एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान अब तक क्यों नहीं किया? राज्य के साथ लगातार आर्थिक सौतेलापन अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के नेतृत्व में राज्य के मूलवासियों, आदिवासियों, गरीबों और युवाओं के कल्याण के लिए ऐतिहासिक काम हुए , मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, अबुआ आवास योजना और पिछड़ों को उनका हक दिलाने का प्रयास किया, लेकिन इन जनहितकारी योजनाओं की लोकप्रियता से घबराकर भाजपा के नेता इस तरह के निराधार राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड की जनता भाजपा के इन छलावे भरे बयानों को भली-भांति समझ चुकी है। डबल इंजन की सरकार के दौरान झारखंड को कुचलने का काम किया गया था, और अब जनता भाजपा के किसी भी झांसे में आने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!