Ranchi: विजयादशमी के अवसर पर शालीमार बाजार, HEC में आयोजित होने वाले रावण दहन समारोह को लेकर विजयादशमी रावण दहन समारोह समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। रावण के पुतले का निर्माण कार्य जारी है, वहीं HEC मैदान को आम लोगों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

समारोह में झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप समारोह का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहेंगे।

 

समारोह के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। रावण दहन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अहंकार पर सदाचार की विजय का प्रतीक है। इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक संदेश देना है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि समारोह में शामिल होने वाले सभी लोगों को बेहतर वातावरण मिले और आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

समिति के अध्यक्ष संजीत यादव ने कहा कि रावण दहन समारोह को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। रावण के पुतले का निर्माण कराया जा रहा है और HEC मैदान में आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि इस वर्ष भी समारोह आकर्षक एवं यादगार बने तथा अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर विजयादशमी का उत्सव मनाएं।

 

रावण दहन समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रावण के पुतले का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है। समारोह में आने वाले लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव के नेतृत्व में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, वहीं हटिया के डीएसपी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

 

समिति की ओर से आयोजन की तैयारियों को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाला यह समारोह क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। रावण दहन के माध्यम से समाज को सत्य, सदाचार और बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया जाएगा।

 

विजयादशमी रावण दहन समारोह समिति ने क्षेत्रवासियों से इस पारंपरिक आयोजन में शामिल होकर समारोह की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

 

समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में समिति के अभिषेक साहू, राजेश यादव, परमेश्वर राम, जितेंद्र सिंह, संतोष पाठक, संजय कुमार, सतपाल गुप्ता, चंदन पटेल, श्रवण यादव, मेहुल दूबे एवं काजल भट्टाचार्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!