Girdih : गिरिडीह के बड़ा चौक स्थित अशोका इंटरनेशनल होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। वहीं गिरिडीह महानगर अध्यक्ष रंजीत कुमार राय एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा सहित जिले के अन्य पदाधिकारियों के द्वारा अंग वस्त्र देकर सभी प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

 

वहीं बैठक के बाद मिडिया से बात करते हुए झारखण्ड भाजपा के महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि  बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजनाओं और विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी ने आने वाले दिनों के लिए अपनी भावी रणनीति तैयार की है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को पार्टी संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों और कांग्रेस द्वारा संविधान की किस प्रकार धज्जियां उड़ाई गई, इसको लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।

 

अमर बाउरी ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस देश एवं राज्य में अराजकता का वातावरण तैयार करना चाहती हैं। इन दलों की राजनीति वंशवाद और परिवारवाद पर आधारित है। इन्हें चुनी हुई सरकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही परेशानी है, लेकिन भाजपा इनकी मंशा कभी सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने 25-26 नवंबर को एमएमडीआर को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र पर राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि खनिज संपदा की लूट पर लगाम लग जाने से झामुमो-कांग्रेस में छटपटाहट मची हुई है। झारखंड में खनिजों की अवैध तस्करी हो रही है। वहीं, एसआईआर का विरोध भी बेबुनियाद है। कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरा चरित्र अपना रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ईवीएम से निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर कांग्रेस को ईवीएम खराब नहीं लगती, लेकिन हार मिलते ही वह ईवीएम पर सवाल उठाने लगती है।

 

अमर बाउरी ने कहा कि झारखंड की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और महिला अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने गम्हरिया थाना प्रकरण, सुंदरपहाड़ी मामला, सिमडेगा विधायक प्रकरण, निशा भगत आत्महत्या मामला और गिरिडीह बैंक डकैती सहित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज राज्य में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर उठने वाली आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा के विरोध-प्रदर्शन को रोकने, कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाने और जेल भेजने जैसी कार्रवाई की जा रही है। इसके विपरीत कांग्रेस एवं उनके मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री का पुतला दहन और अभद्र टिप्पणियां किए जाने पर सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने रहते हैं। यह सरकार की दोहरी नीति को दर्शाता है।

 

अमर बाउरी ने गिरिडीह में जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल की कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने पार्टी का पट्टा लगाकर छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उस समय पुलिस और प्रशासन कहां था? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस प्रशासन के सहयोग से झारखंड में पश्चिम बंगाल जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार की नीति विरोधियों को डराने, प्रताड़ित करने और जेल भेजने की बन गई है। कहा कि सरकार का विरोध करने पर पूरा महकमा विरोध करने वाले के पीछे पड़ जाता है। जब भाजपा विरोध करती है तो बरहेट में पुतला जलाने से रोका जाता है। लोगों को थाने में बैठाया जाता है, उन्हें जेल में डाला जाता है, प्रताड़ित किया जाता है। लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

 

अमर बाउरी ने कहा कि बैठक में राज्य की वित्तीय अनियमितताओं, 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कथित गड़बड़ी के मामलों, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान जैसे गंभीर विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है और राज्य की जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। सरकार केवल लूट खसोट में जुटी हुई है।

 

उन्होंने कहा कि जनता में राज्य सरकार के प्रति भारी असंतोष है। इस असंतोष का जवाब देने के बजाय सरकार दमन और गुंडागर्दी का सहारा ले रही है। राज्य के छात्र एक बार फिर अपने अधिकारों के लिए गोलबंद हो रहे हैं और भाजपा उनकी लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी रहेगी। महिला अत्याचार के खिलाफ भाजपा का संघर्ष पीड़ितों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।

 

अंत में उन्होंने राज्य सरकार को आत्मचिंतन करने की सलाह देते हुए कहा कि सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, न कि जनता की आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करना चाहिए।

 

इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश कार्यालय सह मंत्री सूरज गुप्ता चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो वाजपेयी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक राज, किसान मोर्चा के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, एससी मोर्चा के अध्यक्ष रंजय भारती एवं सोशल मीडिया सह-प्रभारी राहुल शाहदेव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!