Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निकाले गए ‘संविधान रक्षा मार्च’ में गुरुवार को झारखंड किसान कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखा दी। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा, बैनर-पोस्टर और मशाल लेकर मार्च में शामिल हुए और जमकर अपनी आवाज बुलंद की।

मार्च की शुरुआत भीमराव अंबेडकर चौक से हुई, जो बिरसा चौक तक गई। पूरे रास्ते “संविधान बचाओ – देश बचाओ”, “किसान विरोधी सरकार नहीं चलेगी” और “लोकतंत्र जिंदाबाद” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का जत्था सबसे आगे चल रहा था, जिसे देखकर आम लोगों का भी जोश बढ़ गया।

 

मशाल में दी भाजपा के इरादों की आहुति

 

इस मौके पर झारखंड किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष कुमार ने अपने हाथ में जलती मशाल दिखाते हुए कहा, “आप जो मेरे हाथ में यह मशाल देख रहे हैं, इस मशाल में हम भाजपा के नापाक इरादों की आहुति दे रहे हैं।”

 

उन्होंने कहा कि यह मशाल सिर्फ आग नहीं है, यह संविधान को बचाने का संकल्प है। यह मशाल उन किसानों की आवाज है, जिनकी जमीन, फसल और अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। जब तक संविधान सुरक्षित है, तब तक किसान सुरक्षित है।

 

सुभाष कुमार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान की जड़ों को काटना चाह रही है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। चुनाव आयोग, ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। किसान, मजदूर, छात्र, युवा सभी परेशान हैं। लेकिन अब देश जाग गया है और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतर आया है

 

मार्च में दिखा जनसैलाब

संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।

 

मार्च में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और सभी मोर्चों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सड़कों के दोनों तरफ खड़े लोगों ने मार्च का फूल बरसाकर स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

 

किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सुभाष कुमार के नेतृत्व में गांव-गांव जाकर संविधान बचाने का संदेश पहुंचाएंगे। हर पंचायत, हर प्रखंड में संविधान रक्षा अभियान चलाया जाएगा।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। सुभाष कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक मार्च नहीं है, यह एक आंदोलन की शुरुआत है, जो तब तक चलेगा जब तक देश से तानाशाही खत्म नहीं हो जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!