Dhanbad: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने आज धनबाद में प्रेसवार्ता कर हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झामुमो कांग्रेस निकाय चुनाव में अपने समर्थित उम्मीदवारों की सुनिश्चित हार को देखते हुए बौखलाहट में हैं। इसलिए अपराधियों के माध्यम से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को सत्ता पक्ष के इशारे पर जान से मारने की धमकी मिल रही है।
आदित्य साहू ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर चक्रधर के भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजय गगराई को जान से मारने की मिली धमकी एवं एक महिला कार्यकर्ता के घर चिपकाए गए धमकी को मीडिया के समक्ष रखा।वहीं उन्होंने धनबाद एवं मेदिनीनगर पलामू के उम्मीदवारों को भी अपराधियों से मिली धमकी की चर्चा की। आदित्य साहू ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से भी बात की और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
आदित्य साहू ने कहा कि पिछले 6 वर्षों से अपराधियों दलालों,बिचौलियों का संरक्षण करने वाली राज्य सरकार अब निकाय चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जीत दिलाने केलिए अपराधियों का सहारा ले रही।सूचना मिल रही है कि कई कुख्यात अपराधी राज्य के विभिन्न निकाय क्षेत्रों में सक्रिय हैं। भाजपा ने पहले से ही इसकी आशंका व्यक्त की है।यह सरकार हार के डर से दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराई।साथ ही बैलेट से चुनाव कराने की पीछे भी इस सरकार की मंशा अपराधियों ,गुंडों के सहारे बूथ लूटने ,बूथ कैप्चरिंग की है।वहीं उन्होंने कहा कि पार्टी ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती और सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है।

आदित्य साहू ने कहा कि जिस प्रकार से निकाय चुनाव को लेकर अपराधियों की सक्रियता बढ़ी है इससे यह बात सच हो रही है कि राज्य सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने केलिए तैयार है। अपराधियों के माध्यम से अपना उद्देश्य पूरा करने की मंशा राज्य सरकार रखती है।राज्य सरकार और अपराधियों के बीच एक दूसरे की सुरक्षा करने का समझौता है। ऐसे में भाजपा राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए मांग करती है कि राज्य सरकार अपराधियों के आतंक पर सख्त लगाम लगाए।
साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती निकाय चुनाव में सुनिश्चित करे,साथ ही सीसीटीवी कैमरा भी बूथों पर लगाना सुनिश्चित करें।यदि राज्य सरकार अपराधियों का संरक्षण करती है तो भाजपा सड़क से सदन तक चुप नहीं बैठेगी। वहीं आज की प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पी एन सिंह,जिलाध्यक्ष श्रवण राय भी उपस्थित थे।
