Ranchi: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसआईआर प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव शामिल हुए। बैठक के दौरान चुनाव अधिकारी ने प्रतिनिधियों की हर शंका और सवाल का बेहद बारीकी से समाधान किया।
बैठक के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सवाल किया कि क्या ड्राफ्ट मतदाता सूची को ग्राम सभा और वार्ड कमेटी की बैठकों में पढ़कर सुनाया जाएगा? इस पर मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पंचायत भवनों में लगाई जाएगी, लेकिन बीएलओ इसे लेकर ग्राम सभा की बैठक में नहीं जाएंगे। इसके अलावा, एएसडीडी सूची और ड्राफ्ट सूची राजनीतिक दलों के मुख्यालय और उनके बीएलए को सौंपी जाएगी, साथ ही यह चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी सर्च करने के लिए उपलब्ध रहेगी।

बैठक में कांग्रेस नेता सूर्यकांत शुक्ला ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और योग्य हर नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है।
वहीं, लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मांग की कि राज्य का एक भी पात्र व्यक्ति वोटर लिस्ट से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना उचित सुनवाई या जांच के किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए, ताकि 7 अक्टूबर को जब अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित हो, तो हर योग्य व्यक्ति का नाम उसमें शामिल हो।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में बीएलए की भूमिका सबसे अहम है। यह संतोषजनक है कि राज्य के कुल 29 हजार बूथों में से अब तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर 21,644 बीएलए-2 रजिस्टर्ड हो चुके हैं, जिनमें से अकेले कांग्रेस ने रिकॉर्ड 17,460 बीएलए बनाए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि उनके बूथ लेवल एजेंट, चुनाव आयोग के बूथ लेवल अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अपडेट किया जा सके। उन्होंने बताया कि मौजूदा मतदाता सूची में शामिल सभी नामों के वेरिफिकेशन के लिए बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। फॉर्म जमा होने के बाद नागरिकों को उसकी एक रिसीविंगभी दी जाएगी।
