Ranchi: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी तैयारियों और आवश्यक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इस बैठक में हिस्सा लिया और पार्टी का पक्ष रखा। कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को यह सुझाव दिया गया कि प्रिमीटिव ट्राइब्स और बेड रिडेन रोगियों पर विशेष नजर रहे। दूसरी बात जो तार्किक विसंगति के मामले हैं, उनकी समस्या का समाधान मानवीय दृष्टिकोण के साथ हो सिर्फ मशीनी भरोसा पर आश्रित न रहा जाय ।
प्रदेश महासचिव ने बताया की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से जानकारी दी गई है कि आगामी 30 जून को सुबह 11:00 से 12:00 बजे के बीच सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए और बीएलओ की एक संयुक्त बैठक होगी। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) बांटेंगे, जिसे मतदाताओं को भरकर वापस करना होगा।

प्रदेश महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान तीन अहम बैठकें आयोजित की जाएंगी। आखिरी बैठक इस फेज के अंतिम सप्ताह में होगी, जिसमें राजनीतिक दलों के बीएलए अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए एएसडीडी सूची पर हस्ताक्षर करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम साल 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल है, उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करना होगा। जिनका नाम 2003 की सूची में पहले से दर्ज है, उन्हें तथा उनके बेटा-बेटियों को भी यह फॉर्म भरना होगा। अच्छी बात यह है कि इस श्रेणी के लोगों को कोई अतिरिक्त दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 30 जून को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय राज्य भर में एसआईआर के अपडेटेड आंकड़े सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा करेगा। इसके ठीक 15 दिनों के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी दोबारा राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
