Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जेएससीए स्टेडियम में हुई घटना पर भाजपा प्रवक्ता अजय साह के बयान को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित, तथ्यहीन और हताशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर संवेदनशील मुद्दे पर केवल गिद्ध राजनीति करना जानती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जेएससीए के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से कल ही सारी स्थिति स्पष्ट कर दी गईं हैं। जेएससीए की ओर से झारखंड में क्रिकेट और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का काम किया है। उनके नेतृत्व में संगठन ने राज्य को खेल के नक्शे पर नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन पर एफआईआर दर्ज करने की मांग करना भाजपा की संकीर्ण और द्वेषपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत चिकित्सीय सहायता पहुंचाई गई। भाजपा जिस लाठीचार्ज का झूठा आरोप लगा रही है, वह असल में उपद्रवियों को नियंत्रित करने और भीड़ को सुरक्षित निकालने का एक प्रशासनिक प्रयास था।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पुराने पत्रों का हवाला देकर भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है। जब भी राज्य में कोई बड़ा आयोजन होता है, भाजपा के नेता नकारात्मकता फैलाने के लिए पत्र-पत्र का खेल शुरू कर देते हैं।
