Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बाबूलाल मरांडी के आरोपों को पूरी तरह से तथ्यहीन, भ्रामक और केवल राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने का एक असफल प्रयास बताया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी तीन दिनों तक कोल्हान के दौरे पर रहे, लेकिन उन्हें जमीनी हकीकत की बजाय सिर्फ राजनीति सूझ रही है। जिस डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट फंड की वो बात कर रहे हैं, हमारी हेमंत सोरेन सरकार ने उसी फंड के जरिए खदान प्रभावित क्षेत्रों में पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति, सुदूर गांवों में पक्की सड़कें, स्वास्थ्य उप-केंद्रों का सुदृढ़ीकरण और ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ के माध्यम से गरीब बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा देने का ऐतिहासिक काम किया है। 75 प्रतिशत से अधिक राशि का खर्च होना ही इस बात का प्रमाण है कि विकास कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं।

पोर्टल पर ब्यौरा न होने और आर्थिक अपराध जैसे आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अपनी याददाश्त थोड़ी दुरुस्त करनी चाहिए। हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और हर योजना का ऑडिट होता है। अगर मरांडी जी को वाकई झारखंड के विकास और यहां की जनता की इतनी ही चिंता है, तो वह नई दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपनी केंद्र सरकार के सामने धरने पर क्यों नहीं बैठते? केंद्र सरकार के पास झारखंड का 1,36,000 करोड़ का कोल रॉयल्टी और मुआवजा बकाया है। भाजपा इस हक की राशि को दबाकर बैठी है। अगर वह पैसा झारखंड को मिल जाए, तो राज्य के विकास की गति चौगुनी हो जाएगी। लेकिन मरांडी जी इस पर पूरी तरह मौन हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड सरकार स्थानीय नीति, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और यहां के मूलवासियों व आदिवासियों के हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाती है। हम भाजपा की तरह जल-जंगल-जमीन को पूंजीपतियों के हवाले करने की अंधी दौड़ में शामिल नहीं हो सकते। बंद पड़ी खदानों को शुरू कराने और पर्यावरण मंजूरी की प्रक्रिया को अटकाने का काम केंद्र की एजेंसियां कर रही हैं, जिसका खामियाजा हमारे युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी और उनके साथ घूम रहे पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और गीता कोड़ा जैसे नेताओं को जनता अच्छी तरह पहचानती है। कोल्हान की जनता ने हमेशा भाजपा की जनविरोधी नीतियों को नकारा है और आने वाले समय में भी मरांडी जी के इन मनगढ़ंत आरोपों का जवाब राज्य की जनता विकास कार्यों के दम पर देगी। हेमंत सोरेन सरकार राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा के इस झूठे दुष्प्रचार से डिगने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!