Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों और एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा के इस अभियान को सरकारी संसाधनों की बर्बादी और जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास करार दिया।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा जिस 25 साल के शासन का जश्न मनाने जा रही है, वह वास्तव में बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई और संस्थागत भ्रष्टाचार का दौर रहा है। एक तरफ देश का युवा रोजगार के लिए सड़कों पर लाठियां खा रहा है, महंगाई के कारण आम गृहणी का बजट बिगड़ चुका है, और दूसरी तरफ भाजपा उत्सव मनाकर जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू मुफ्त अनाज बांटने का ढिंढोरा पीट रहे हैं, लेकिन वे यह भूल रहे हैं कि मोदी सरकार ने देश के युवाओं को बेरोजगार और मजबूर बनाकर 81 करोड़ लोगों को राशन की लाइन में खड़ा कर दिया है। 2014 से पहले की स्थिति का झूठा महिमामंडन करने से पहले भाजपा को पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और खाद्य पदार्थों की आसमान छूती कीमतों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड की भाजपा इकाई को अगर वास्तव में सेवा की चिंता होती, तो वे राज्य के 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाया रॉयल्टी और कोल ड्यूज को केंद्र सरकार से दिलवाने के लिए अभियान चलाते।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा नेताओं द्वारा कश्मीर को लेकर दिए जा रहे बयान को पूरी तरह से तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!