Ranchi: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने कहा कि झारखंड में महिलाओं एवं बेटियों के विरुद्ध लगातार बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाएँ अत्यंत चिंताजनक हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के वर्ष 2025 के आँकड़ों के अनुसार राज्य में 1,073 दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए। अर्थात औसतन प्रत्येक माह लगभग 130 से 140 बेटियाँ और महिलाएँ इस जघन्य अपराध का शिकार हुईं। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।

 

उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर तथ्य यह है कि अधिकांश मामलों में पीड़िताएँ आरोपियों को पहले से जानती थीं। यह न केवल सामाजिक ताने-बाने के लिए चिंता का विषय है, बल्कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।

 

शोभा यादव ने कहा कि हाल ही में रांची के तुपुदाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ हुई कथित दुष्कर्म की घटना तथा रातू क्षेत्र से सामने आए ताज़ा मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इसके अलावा गुमला, गोड्डा, दुमका सहित विभिन्न जिलों से लगातार सामने आ रही घटनाएँ यह संकेत देती हैं कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएँ समाज के लिए और भी गंभीर चुनौती बन सकती हैं।

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केवल संवेदना व्यक्त करने या औपचारिक घोषणाएँ करने से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी। राज्य सरकार को तत्काल प्रभाव से दुष्कर्म के सभी मामलों की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करनी चाहिए तथा दोषी सिद्ध होने वाले अपराधियों को कठोरतम दंड दिलाना चाहिए। साथ ही पीड़िताओं एवं उनके परिवारों को सुरक्षा, त्वरित कानूनी सहायता, उचित मुआवजा तथा आवश्यक पुनर्वास उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!