Ranchi:  झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रदेश कार्यालय में अपनी पहली प्रेस वार्ता में ही हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला। दो दिवसीय दौरे के बाद पटेल ने कहा कि राज्य की स्थिति बहुत ही विकट है। 2019 से सत्ता में बैठी झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार ने जनता को सिर्फ निराशा दी है। पटेल ने कहा, “हम दो दिन में जिलों में घूमे, लोगों से मिले, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। हर वर्ग – गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़ा, महिला, किसान और युवा सभी परेशान हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाएं तक सरकार देने में फेल है।”

भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाकर बनी सरकार – पटेल

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाकर सरकार बनाई, लेकिन अब आदिवासी समाज जाग चुका है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। अलग झारखंड राज्य अटल बिहारी वाजपेयी ने दिया। जनजातीय मंत्रालय, जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर योजनाएं भाजपा की देन हैं। लेकिन इस सरकार ने आदिवासियों के नाम पर सिर्फ वोट लिया, काम कुछ नहीं किया। अब यह समाज सबकुछ समझ चुका है और इनके बहकावे में आने वाला नहीं है।”

बालू, कोयला, पत्थर और DMFT फंड की लूट -गजेंद्र सिंह पटेल

गजेंद्र सिंह पटेल ने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह लिप्त है। राज्य में बालू, कोयला, पत्थर और खनिज संपदाओं की खुलेआम लूट हो रही है। DMFT फंड तक को नहीं छोड़ा गया। जल, जंगल और जमीन की लूट मची है। इसीलिए आज सरकार और सरकार के मुखिया दोनों कठघरे में हैं। भाजपा ने इस लूट-खसोट के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ेगी।

छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, JPSC-JSSC पेपर लीक का जिक्र

प्रदेश प्रभारी ने हाल में छात्रों के हुए बड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए सरकार को युवा विरोधी बताया। उन्होंने कहा, “यह सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटी सहित सभी बड़ी भर्ती परीक्षाएं विवादों में रहीं। पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी और नौकरी में पैसों के लेन-देन ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंद दिया। जब युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर विरोध किया तो लाठीचार्ज कर अत्याचार किया गया। झारखंड का युवा इस सरकार से बेहद नाराज है।”

घुसपैठ, मतदाता सूची और SIR पर सरकार पर हमला

गजेंद्र सिंह पटेल ने घुसपैठ के मुद्दे पर हेमंत सरकार को सबसे ज्यादा घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठ लंबे समय से जारी है और सरकार उसे रोकने के बजाय बढ़ावा दे रही है। हमने बार-बार सरकार को इस मुद्दे पर सचेत किया, लेकिन सरकार अनसुनी करती रही। सरकारी तंत्र कार्रवाई करने के बजाय घुसपैठियों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष मदद पहुंचा रहा है। यह राज्य की डेमोग्राफी और आदिवासी अस्मिता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

वहीं मतदाता सूची के SIR (Special Intensive Revision) पर उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए असली मतदाताओं को जोड़ने और फर्जी-अवांछित नामों को हटाने की पारदर्शी प्रक्रिया शुरू की है। लेकिन यह सरकार SIR का भी विरोध कर भ्रम फैला रही है और आदिवासी समाज को गुमराह कर विद्रोह करवा रही है। सरकार अपनी मंशा में सफल नहीं होगी।”

कानून-व्यवस्था ध्वस्त, महिला सुरक्षा पर सवाल

कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए पटेल ने कहा कि पूरे राज्य में भय का माहौल है। अपराधी बेखौफ हैं। हत्या, लूट, अपहरण, गोलीबारी रोज हो रही है। सरकार ने कानून-व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। खासकर महिला सुरक्षा की स्थिति बहुत चिंताजनक है। बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

70% भारत में भाजपा सरकार, जहां भाजपा वहां विकास

पटेल ने कहा कि आज देश के 70 प्रतिशत से अधिक भू-भाग पर भाजपा और एनडीए की सरकार है। जहां-जहां भाजपा शासित राज्य हैं, वहां विकास और सुशासन का मॉडल बेहतर है। उन्होंने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में गांव-गांव तक सड़क, बिजली, गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं पहुंची हैं। झारखंड को भी यही मॉडल चाहिए।”

7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा

प्रेस वार्ता में पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मोत्सव और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को मोदी जी के सेवा काल के 25 साल पूरे होंगे। इस दिन देश के 750 जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन होगा।

“प्रधानमंत्री और भाजपा का मुख्य संकल्प सेवा है। इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन मिलेगा। मैं सभी कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान करता हूं। मोदी जी के नेतृत्व में झारखंड को भी विकसित बनाना है।” पटेल ने अंत में कहा कि भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!