Ranchi: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा द्वारा कांग्रेस पर “भारत नाम से नफरत” वाले बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का यह बयान न सिर्फ हास्यास्पद है, बल्कि उनकी बौखलाहट को दर्शाता है।

 

शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वह पार्टी है जिसने भारत की आजादी के लिए कुर्बानी दी, जिसने भारत नाम को पूरी दुनिया में रोशन किया। कांग्रेस को भारत नाम से नफरत है, यह कहना सूरज को दीया दिखाने जैसा है। वास्तव में भारत नाम से नफरत और चिढ़ भाजपा और आरएसएस को रही है। तभी तो ये लोग संविधान में लिखे ‘इंडिया दैट इज भारत’ को हटाकर सिर्फ इंडिया गठबंधन से चिढ़ के कारण देश का नाम बदलने की साजिश कर रहे थे।

 

हरमू चौक का नाम बदलने का अधिकार किसने दिया?

 

महासचिव शाहदेव ने कहा कि विकसित भारत संकल्प सेवा चौक का मामला पूरी तरह से अवैध और असंवैधानिक है। हरमू चौक रांची की पहचान है, यह कोई भाजपा की निजी संपत्ति नहीं है। रांची नगर निगम के नियमों के अनुसार किसी भी चौक-चौराहे का नामकरण निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद होता है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को किसने अधिकार दिया कि वे रातों-रात बिना किसी सरकारी अनुमति के हरमू चौक का बोर्ड बदलकर अपना बोर्ड लगा दें? क्या रांची नगर निगम ने इसकी अनुमति दी थी? क्या महापौर ने इसका प्रस्ताव पास किया था? अगर नहीं, तो यह सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण और कब्जा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अगर उस अवैध बोर्ड को हटाया है तो कोई गलत काम नहीं किया, बल्कि नगर निगम की संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।

 

विकसित भारत नहीं, वोट चोर भारत है इनका संकल्प

 

शाहदेव ने कहा कि भाजपा विकसित भारत की बात करती है, लेकिन इनका असली संकल्प ‘वोट चोर भारत’ है। आज पूरे देश में चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। SIR के नाम पर लाखों गरीब, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा है। कांग्रेस जब इसी मुद्दे पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही है तो भाजपा को अराजकता दिख रही है।

 

उन्होंने कहा कि संदीप वर्मा कह रहे हैं कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को भाजपा के इशारे पर काम करने वाली संस्था किसने बनाया? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उनके खिलाफ बोलना क्या असंवैधानिक है? क्या वोट बचाना अराजकता है?

 

जनता सब देख रही है

 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा के 25 साल के सेवा के दावे खोखले हैं। इन 25 सालों में देश में नफरत, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने देश को क्या दिया, इसका हिसाब जनता मांगेगी।

 

उन्होंने कहा कि संदीप वर्मा को कांग्रेस के भविष्य की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। झारखंड की जनता ने लोकसभा में और विधानसभा में भाजपा को करारा जवाब दिया है। आने वाले नगर निगम चुनाव में भी जनता भाजपा को इस अवैध बोर्ड लगाने की हरकत का जवाब देगी। कांग्रेस भारत के संविधान, भारत के लोकतंत्र और भारत के मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए लड़ रही थी, लड़ रही है और लड़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!