Ranchi : दुर्गा पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव एवं उप प्रशासक संजय कुमार ने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति डोरंडा के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे के साथ डोरंडा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, साफ-सफाई तथा आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, छप्पन सेट डोरंडा के पूजा पंडाल का भी दौरा किया तथा समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान सामने आई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विशेष रूप से श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, स्वच्छता एवं पूजा पंडालों के आसपास बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने तथा पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों से भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में मां दुर्गा की आराधना कर सकें।

उप प्रशासक संजय कुमार ने कहा कि डोरंडा क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव सह सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, छप्पन सेट डोरंडा के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति एवं सामाजिक सद्भाव का महापर्व है। इस पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन और पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पूजा समितियों को नगर निगम प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से डोरंडा सहित पूरे रांची में दुर्गा पूजा को भव्य, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, छप्पन सेट डोरंडा के अध्यक्ष गौतम कुमार दूबे (गोपी) एवं समिति के अन्य पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव का स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की तैयारियों में नगर निगम प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर चर्चा की।
