Ranchi: भाजपा झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी का दावा है कि देश के सभी चुनावों में वोट चोरी हुई है, तो उन्हें पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि झारखंड, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक में कांग्रेस की जीत क्या वोट चोरी से हुई है?

अशोक बड़ाईक ने कहा कि अगर राहुल गांधी अपने आरोपों को लेकर इतने ही गंभीर हैं, तो सबसे पहले अपनी लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देने का नैतिक साहस दिखाएं। साथ ही, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां के कांग्रेस विधायकों से भी इस्तीफे की मांग करें।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी की जवाबदेही तय करनी चाहिए। कांग्रेस की जीत हो तो सब सही और दूसरी पार्टी की जीत हो तो वोट चोरी का आरोप, यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा।

अशोक बड़ाईक ने कहा कि राहुल गांधी पहले अपने आरोपों के प्रमाण देश के सामने रखें और अपनी पार्टी के भीतर जवाबदेही सुनिश्चित करें। उसके बाद ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करें।

लोकतंत्र में आरोप लगाने से नहीं, बल्कि तथ्यों और प्रमाणों से बात साबित होती है। राहुल गांधी को जनता को बताना चाहिए कि वे चुनाव व्यवस्था में सुधार चाहते हैं या सिर्फ राजनीतिक आरोपों के जरिए सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!