Ranchi : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नविन द्वारा राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर लगाए गए आरोपों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह राहुल गांधी को विदेशी टूलकिट बताकर अपनी नाकामी छुपा रही है।

 

शाहदेव ने कहा कि जिस राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा कर देश के लोगों का दिल जोड़ा, जो मणिपुर से महाराष्ट्र तक लोगों के आंसू पोछने गए, उन्हें भाजपा टूलकिट कह रही है। दरअसल भाजपा को डर है कि राहुल गांधी ने वोट चोरी, एसआईआर और संविधान बचाने का मुद्दा उठाकर उनकी पोल खोल दी है। जब जवाब नहीं होता तो भाजपा विदेशी साजिश का जुमला ले आती है।

 

संविधान को किसने तार-तार किया, देश जानता है

 

नितिन नवीन के बयान कि कांग्रेस ने संविधान को तार-तार किया है, पर पलटवार करते हुए शाहदेव ने कहा कि यह चोर मचाए शोर वाली बात है। संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने नहीं, बल्कि भाजपा ने संविधान के पन्नों को तार-तार किया है।

 

उन्होंने कहा, “इंदिरा जी के समय की बात करने वाले नितिन नवीन जी भूल गए कि पिछले 11 साल में मोदी सरकार ने क्या किया है? ईडी, सीबीआई से डराकर चुनी हुई सरकारें गिराना, राज्यपाल के जरिए सरकारों को अस्थिर करना, राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना, 145 सांसदों को एक साथ निलंबित करना क्या संविधान की रक्षा है? देश के लोगों ने देखा है कि कैसे संविधान की प्रति को संसद में रखा गया और उसे बचाने के लिए राहुल गांधी लड़ रहे हैं।”

 

अपने परिवार के नियम से नहीं, आरएसएस के नियम से देश चलाना चाहती है भाजपा : किशोर शाहदेव 

 

कांग्रेस अपने परिवार के नियम से देश चलाना चाहती है, इस बयान पर शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस परिवार नहीं, संविधान के हिसाब से देश चलाना चाहती है। परिवारवाद का आरोप लगाने वाली भाजपा को अपने अंदर झांकना चाहिए।

 

उन्होंने कहा, “भाजपा में वंशवाद नहीं है? झारखंड में ही देख लीजिए, एक ही परिवार के कितने लोग भाजपा में हैं। देश चलाना तो दूर, भाजपा तो आरएसएस के नागपुर वाले नियम से देश चलाना चाहती है। देश का संविधान बाबा साहेब अंबेडकर ने लिखा है, गोलवलकर ने नहीं। कांग्रेस इसी संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।”

 

चिंता घुसपैठियों की नहीं, गरीब आदिवासी के वोट की है :किशोर शाहदेव 

 

भाजपा के इस आरोप कि कांग्रेस को घुसपैठियों के वोट की चिंता है, पर शाहदेव ने कहा कि यह भाजपा का सबसे बड़ा झूठ है और आदिवासियों का अपमान है।

 

उन्होंने कहा, “झारखंड के आदिवासी, दलित, पिछड़ा और गरीब मुसलमान को भाजपा घुसपैठी कह रही है। एसआईआर के नाम पर जिनका वोट काटा जा रहा है, वो कोई घुसपैठी नहीं हैं, वो इसी माटी के लाल हैं। 5-5 पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं। इनकी चिंता देश के नागरिकों की वोट बचाने की नहीं है, यह कहने वाले लोग बताएं कि चुनाव आयोग ने एक साल में 60 लाख वोट कैसे काट दिए? क्या वे सब घुसपैठी थे? भाजपा घुसपैठियों के नाम पर झारखंड के मूलवासियों का वोट काटकर चुनाव जीतना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।”

 

झारखंड में अराजकता नहीं, भाजपा के मन में अराजकता है :शाहदेव 

 

झारखंड में अराजकता के माहौल वाले बयान पर शाहदेव ने कहा कि झारखंड में अराजकता नहीं है, बल्कि भाजपा के खेमे में अराजकता है।

उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन सरकार में मंईयां सम्मान योजना से 55 लाख महिलाओं को सम्मान मिल रहा है, अबुआ आवास, सर्वजन पेंशन से गरीबों को सहारा मिल रहा है। इससे भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है। अराजकता का माहौल तब था जब डबल इंजन की सरकार में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही थी, पथलगड़ी के नाम पर केस दर्ज हो रहे थे। आज झारखंड में एक स्थिर और जनहितैषी सरकार चल रही है और भाजपा के नेता हार की बौखलाहट में अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। जनता सब देख रही है।”

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!