Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रवक्ता के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनकल्याणकारी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए उलझुलूल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा आरोप लगा रही है कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि पिछले 10 सालों में भाजपा ने चुनाव आयोग, ईडी, सीबीआई जैसी निष्पक्ष संस्थाओं को अपनी राजनीतिक कठपुतली बनाकर रख दिया है। निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन जब एसआईआर और पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं, तो एक ज़िम्मेदार विपक्ष के नाते जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सवाल उठाना हमारा लोकतांत्रिक कर्तव्य है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस कभी जनादेश का अनादर नहीं करती। पार्टी लोकतंत्र की शुचिता, पारदर्शिता और हर नागरिक के ‘एक वोट’ के अधिकार की सुरक्षा की लड़ाई लड़ रही हैं। अगर मतदान प्रक्रिया में कोई भी संदिग्ध बात या मतदाता सूची से वैधानिक मतदाताओं के नाम गायब करने की साजिश होती है, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता देख रही है कि केंद्र सरकार और भाजपा के पास विकास के नाम पर गिनवाने के लिए कुछ नहीं है। जब भी राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस जनहित के काम करती है, तो भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मुद्दे भटकाने का प्रयास करती है। जनता सब समझ चुकी है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आपातकाल की बात करने वाली भाजपा आज देश में अघोषित आपातकाल चला रही है। चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराना, विपक्ष के नेताओं को डराना-धमकाना और जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करना ही भाजपा की कार्यशैली बन चुकी है। कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र की नींव रखी है और इसे बचाने के लिए राहुल गांधी जी के नेतृत्व में हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
