Ranchi: कांग्रेस पार्टी द्वारा नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने जा रही ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर झारखंड में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों पार्टी कार्यकर्ता नई दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर यह देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आज से ही सड़क मार्ग, ट्रेन और हवाई मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना होना शुरू हो गए हैं।
शाहदेव ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मतदाताओं के मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी बनती है कि वह जनता के बीच जाकर उन्हें जागरूक करे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करे।
उन्होंने कहा, “मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव आयोग की कार्यशैली से जुड़े कई सवालों को लेकर यह देशव्यापी अभियान शुरू किया गया है। हमें पूरा विश्वास है कि यह लड़ाई अपने मुकाम तक जरूर पहुंचेगी और जनता को न्याय मिलेगा।”
कांग्रेस महासचिव ने बताया कि नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में झारखंड से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए जिला स्तर से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। राज्य के सभी जिलों रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, पलामू, दुमका, देवघर, गिरिडीह सहित अन्य क्षेत्रों से कार्यकर्ता जत्थे के रूप में दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं।
शाहदेव ने कहा कि देशभर से लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचेंगे। यह रैली केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक बड़ी आवाज होगी।
उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में एमडीआर कानून में संशोधन, एसआईआर के मुद्दे, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर आम जनता में भारी आक्रोश है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, महंगाई से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है, लेकिन केंद्र सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही आम लोगों, किसानों, युवाओं और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। राहुल गांधी लगातार इन मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली में यह महारैली आयोजित कर लोगों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाने का फैसला लिया गया है।
शाहदेव ने कहा कि झारखंड कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ दिल्ली जा रहे हैं और इस रैली को ऐतिहासिक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
