Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाव देश बचाव ,वोट का अधिकार बचाव रैली को रोकने के लिए केंद्र सरकार की ओर हर हथकंडे अपनाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता देश की जनता अब भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का बयान पूरी तरह से हताशा, निराशा और भाजपा की विकृत मानसिकता का परिचायक है। आज जब पूरा देश संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है और कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक मुखर है, तब भाजपा के नेताओं को इसमें ‘अराजकता’ नजर आने लगी है।

 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि असल बात यह है कि भाजपा और उसके नेता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित संविधान और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश लगातार रच रहे हैं। जेब में संविधान की कॉपी रखना सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि उस विचारधारा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता है जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देती है।

 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ जिस तरह से देशभर में जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, उसे देखते हुए भाजपा की ओर से 2 नवंबर से लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाव मार्च निकाला जा रहा है। लेकिन अब राज्य की जनता भाजपा नेताओं के झांसे में नहीं आना चाहती है, उनसे छुटकारा पाना चाहती है।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 2014 के बाद से सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं का जिस तरह दुरुपयोग किया है, उससे पूरा देश वाकिफ है। बाबूलाल जी को यह भ्रम छोड़ देना चाहिए कि झारखंड या देश की जनता उनके इन भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रेरित बयानों से गुमराह होने वाली है। जनता भाजपा के हर षड्यंत्र का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!