Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा की 2 नवंबर से शुरू हो रही पदयात्रा को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने देश और राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और जन-जनादेश की धज्जियां उड़ाई हैं, उसके मुंह से लोकतंत्र बचाओ जैसे शब्द हास्यास्पद लगते हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र बचाओ नहीं, बल्कि लोकतंत्र मिटाओ अभियान चलाना चाहिए। देश गवाह है कि गैर-भाजपा शासित राज्यों में विपक्षी सरकारों को अस्थिर करना, केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक हथियारों की तरह इस्तेमाल करना और जनादेश की चोरी करना भाजपा का मुख्य चरित्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर सवाल उठाने वाली भाजपा ने चुनाव आयोग, न्यायपालिका और जांच एजेंसियों जैसी स्वायत्त संस्थाओं को अपनी पार्टी का मोर्चा बना दिया है। जब संस्थाओं की निष्पक्षता पर देश की जनता सवाल उठाती है, तो उसे कांग्रेस की हताशा बताना भाजपा की अधिनायकवादी सोच को दर्शाता है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने रिकॉर्ड बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई, आर्थिक असमानता और नफरत की राजनीति ही देखी है। झारखंड की जनता को यह बखूबी पता है कि केंद्र सरकार ने राज्य के बकाए 1.36 लाख करोड़ रुपये के हक को रोक रखा है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार को जनता ने स्पष्ट और भारी बहुमत दिया है। लेकिन चुनाव में मिली करारी हार और जन-नकार से बौखलाई भाजपा अब पदयात्रा के नाम पर राज्य का माहौल खराब करने और जनता को गुमराह करने की साजिश रच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!