Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता बंद कमरे में बैठकर रैली में पहुंचने वाली भीड़ और जनसैलाब का आकलन और मूल्यांकन जरूर कर रहे हैं, लेकिन जनाक्रोश को देखकर येन-केन-प्राकरेण और अपने समर्थित मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से भीड़ को कम बताने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सच्चाई है कि आजाद भारत के इतिहास में ये इतनी बड़ी रैली थी, जो युवा पीढ़ी ने सभी नहीं देखी।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में और राहुल गांधी के आह्वान पर विपक्ष की ओर से संविधान और लोकतंत्र को बचाने के साथ मतदाताओं के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए देश भर के कोने-कोने से लोग पहुंचे। लेकिन इस जनसैलाब को कम बताना उन लाखों आंदोलनकारियों का अपमान है जो इस आंदोलन में शामिल होने के लिए देश से कोने-कोने से दिल्ली पहुंचे थे। यह अपमान है उन मतदाताओं का जिनके मताधिकार का प्रयोग को भारतीय जनता पार्टी ने छीना है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लाखों नहीं करोड़ों मतदाताओं का नाम काटा है। यह अपमान है उन मतदाताओं का, जिनका नाम एसआईआर की सूची से काटी गई है। इसका बदला देश के मतदाता भारतीय जनता पार्टी से आने वाले समय पर लेंगे।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि रामलीली मैदान की रैली को सफल बनाने के लिए झारखंड के भी हजारों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे, इस सहयोग के लिए कांग्रेस और गठबंधन दल में शामिल जेएमएम- आरजेडी और वाम दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं के प्रति कांग्रेस पार्टी आभार व्यक्त करती है।
