Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा दिए गए बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे भाजपा की ओछी राजनीति और चुनावी हताशा करार दिया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। झारखंड सरकार में कानून का राज सर्वोपरि है और किसी भी अपराधी या दोषी को बख्शने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड पुलिस और न्याय व्यवस्था पूरी निष्पक्षता और तत्परता के साथ अपना काम कर रही है। जैसे ही मामले संज्ञान में आए, प्रशासन ने तुरंत कानून सम्मत कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की। भाजपा इस संवेदनशील और गंभीर सामाजिक मुद्दे पर भी केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और सरकार को बदनाम करने का घटिया एजेंडा चला रही है।
कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा को यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि अपराध किसी एक घटना या संस्था से जुड़ा हो सकता है, लेकिन राज्य सरकार ने कभी भी दोषियों को संरक्षण देने का काम नहीं किया है। हमारी सरकार ने हमेशा त्वरित कार्रवाई की है। इसके विपरीत, भाजपा जब सत्ता में थी, तब राज्य में महिलाओं और आदिवासियों पर हुए अत्याचारों का इतिहास सबके सामने है। आज वे नैतिकता की बात कर रहे हैं जो पूरी तरह से हास्यास्पद है।
