Ranchi : रांची महानगर काली पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने रांची के विभिन्न काली पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, विद्युत सजावट, पूजा पंडाल निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा एवं अन्य आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान विवेकानंद नव कला प्रगति संघ काली पूजा समिति, पुरुलिया रोड के अध्यक्ष आनंद वर्मा, महाकाली पूजा समिति, कचहरी रोड के अध्यक्ष बबलू वर्मा तथा मां काली पूजा समिति, सर्जना चौक की अध्यक्ष अर्चना मिर्धा, मुख्य संरक्षक प्रियांशु मिश्रा, उपाध्यक्ष संजू तिर्की एवं सचिव नीलू सिंह ने मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे एवं अध्यक्ष विनय कुमार सिंह,मीडिया प्रभारी मेंहुल दूबे का स्वागत किया।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि वर्ष 2024 में समाजसेवी अर्चना मिर्धा ने अल्बर्ट एक्का चौक पर छोटे स्तर पर महिलाओं द्वारा काली पूजा की शुरुआत की थी। आज यह आयोजन अपने तीसरे वर्ष में भव्य रूप ले चुका है। फिरायालाल चौक पर महिलाओं द्वारा आयोजित काली पूजा एक अनूठी पहल है, जिसमें पूजा पंडाल के निर्माण से लेकर मां काली की पूजा-अर्चना और विसर्जन तक की पूरी प्रक्रिया महिलाओं द्वारा ही संपन्न की जाती है।

 

उन्होंने कहा कि यह झारखंड का अपना पहला और अनोखा आयोजन है, जो महिलाओं की सामूहिक भागीदारी, समर्पण और सामाजिक नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

 

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रांची महानगर काली पूजा समिति राजधानी के सभी पूजा पंडालों में भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक राकेश रंजन के साथ समन्वय स्थापित कर पूजा समितियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य इस वर्ष काली पूजा का आयोजन भव्य, सुरक्षित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मां काली की पूजा-अर्चना कर सकें।

 

रांची महानगर काली पूजा समिति के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने सभी पूजा समितियों से अनुरोध किया कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा पूजा आयोजन के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

 

उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार वॉलंटियर्स की व्यवस्था की जाए, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना सभी पूजा समितियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

वहीं उन्होंने सभी समितियों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ पूजा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

 

रांची महानगर काली पूजा समिति के मीडिया प्रभारी मेंहुल दूबे ने बताया कि 8 नवंबर को रांची के सभी पूजा पंडालों का उद्घाटन होगा और मां काली की पूजा-अर्चना प्रारंभ हो जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि पूजा समितियां श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सुविधा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। समिति की ओर से सभी पूजा पंडालों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण एवं समन्वय का कार्य किया जा रहा है।

 

रांची महानगर काली पूजा समिति ने राजधानीवासियों से अपील की है कि वे मां काली की पूजा-अर्चना में शामिल होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!