Ranchi : केंद्र द्वारा लाया जा रहा परिसीमन बिल को लेकर झारखंड कांग्रेस महासचिव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना।झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया जा रहा परिसीमन बिल लोकतंत्र और एससी-एसटी के हितों के लिए बहुत बड़ा खतरा है। इसके जरिए बीजेपी सत्ता पर स्थायी कब्जा करना और तानाशाही लाना चाहती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पार्टी का मानना है कि परिसीमन बिल पास कराकर अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 कर दी गईं, तो देश को बहुत बड़ा नुकसान होगा और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी सत्ता अगर भाजपा के हाथ में चली गई, तो ये संविधान में अपनी इच्छानुसार बदलाव करने के लिए इस बहुमत का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए इंडिया गठबंधन इस बिल का मजबूती से विरोध करने का फैसला लिया है।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर शाहदेव ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन बिल में एससी और एसटी के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है, जिससे झारखंड जैसे राज्यों के हितों की अनदेखी होगी। संविधान के अनुच्छेद 330 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एससी-एसटी के लिए उनकी जनसंख्या के अनुपात में सीटें आरक्षित होनी चाहिए, लेकिन इस बिल में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना के आंकड़े आने वाले हैं, तो इसका इंतजार क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि अगर ताजा जनगणना को ध्यान में रखा जाए तो जनसंख्या के अनुपात में एससी-एसटी को ज्यादा सीटें मिलेंगी। लेकिन मोदी सरकार एससी-एसटी को उनकी हिस्सेदारी नहीं देना चाहती।
