Dhanbad : झारखण्ड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज धनबाद में अंकुरम IVF और फर्टिलिटी सेंटर का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि IVF जैसी अत्याधुनिक तकनीक, जो अब तक केवल महानगरों या विदेशों में उपलब्ध थी, अब धनबाद जैसे शहर में पहुंच चुकी है। अंकुरम IVF, रांची और जमशेदपुर के बाद अब धनबाद में भी उपलब्ध है। उन्होंने अंकुरम IVF के 70% से अधिक सफलता दर की सराहना की और कहा कि यह उन महिलाओं के लिए वरदान साबित होगा, जो मातृत्व का सुख पाने से वंचित थीं और जिन मां-बहनों को बच्चे नहीं होते, समाज उन्हें ताने देता था, अब वे भी मातृत्व का सुख प्राप्त कर सकेंगी।
अपने संबोधन में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “धनबाद को अब केवल कोयला नगरी के रूप में नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी जाना जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व में RIMS-2 जैसी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।” उन्होंने घोषणा की, कि आने वाले समय में झारखण्ड में 5 अस्पताल खोले जाऐंगे.
गांवों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना ही एकमात्र है लक्ष्य-डॉ इरफान अंसारी
डॉ. इरफान अंसारी ने इस अवसर पर कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉक्टरों की तैनाती और ट्रांसफर नीति को मजबूत बनाया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सके।
डॉ. इरफान अंसारी ने अंकुरम IVF के उद्घाटन समारोह में अपने विचार प्रकट करते हुए बताया कि हाल ही में वे रात 2 बजे खूंटी के सरकारी अस्पताल का दौरा करने गए, जहाँ एक डॉक्टर महिला मरीज की जान बचाने के लिए तत्परता से सेवा कर रहे थे। डॉ. अंसारी ने कहा, “ऐसे समर्पित डॉक्टरों को सम्मानित किया जाना चाहिए और हम इसका सम्मान करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि वे सदर अस्पतालों का नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे ताकि एक अनुशासन और प्रतिबद्धता का माहौल बने और सभी कर्मचारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करें। डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता का वादा-डॉक्टर इरफान अंसारी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखण्ड बने 25 साल हो गए हैं, लेकिन स्वास्थ्य के मामले में अभी भी हम पिछड़े हुए है। अब नया RIMS-2 खुलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाई मिलेगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में छोटी सी चूक भी हमें बदनामी दे जाती है और सब किया व्यर्थ हो जाता है जिसे समझने की जरूरत है। सरकार अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग कर उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएँ प्रदान करने जा रही है। आने वाले समय में 300 एम्बुलेंस और बाइक एम्बुलेंस की सेवा शुरू की जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को खासकर पहाड़ी इलाकों को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत IVF सेवाओं को शामिल किया जाएगा, ताकि गरीब परिवारों को भी लाभ मिल सके।उन्होंने यह भी कहा की , “मैं एक डॉक्टर हूं और मैं यह आश्वासन देता हूं कि डॉक्टरों की सुरक्षा मेरी प्राथमिकता पर होगी।”
कार्यक्रम के अंत में डॉ. इरफान अंसारी ने अस्पताल के उपकरणों का निरीक्षण किया और अंकुरम IVF को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम मिलेगा और हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
मातृत्व का सपना अब होगा साकार-आलोक कुमार दूबे
वहीं कार्यक्रम में मौजूद झारखंड कांग्रेस के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा अंकुरम IVF केंद्र का उद्घाटन धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं के साथ, अंकुरम IVF ने उन परिवारों के लिए आशा की एक नई किरण पेश की है, जो लंबे समय से मातृत्व सुख से वंचित थे। यह केंद्र न केवल IVF तकनीक में अग्रणी है, बल्कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले दंपतियों के लिए भी एक वरदान साबित हो रहा है। अंकुरम IVF का 70% तक सफलता दर का दावा इसे देश के सर्वश्रेष्ठ केंद्रों में शामिल करता है।
वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा, “मुझे तीसरी बार अंकुरम के उद्घाटन में आने का अवसर मिला है, और मैंने देखा है कि दूर-दराज के गांवों से मातृत्व का सपना संजोए महिलाएँ यहाँ आती हैं, और अंकुरम IVF उनके इस सपने को साकार कर रहा है। यह केंद्र न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान कर रहा है, बल्कि उन परिवारों की आशाओं को भी जीवंत कर रहा है, जो संतान सुख से वंचित थे।”
उन्होंने डॉ. इरफान अंसारी की सराहना करते हुए कहा, “डॉ. इरफान अंसारी एक सर्वधर्म मानने वाले व्यक्ति हैं, जो न सिर्फ गरीबों की आर्थिक सहायता करते हैं, बल्कि जरूरतमंदों को कपड़े और आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराते हैं। उनकी समाजसेवा का यह दृष्टिकोण उन्हें एक सच्चे जनसेवक के रूप में स्थापित करता है।”
झारखंड कांग्रेस के महासचिव ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा। उन्होंने अंकुरम IVF सेंटर की सफलता की सराहना की और कहा कि यह सुविधा निःसंतान दंपतियों के लिए वरदान साबित हो रही है। डॉ. इरफान अंसारी की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व में झारखंड के हर क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ,धनबाद जिला कांग्रेस नेता मोहम्मद जिन्ना, समाजसेवी अमरेश सिंह , समाजसेवी कृष अंसारी ,समाजसेवी मेहुल दूबे भी उपस्थित थे।