Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की ओर से ओबीसी आरक्षण पर दिए गए बयान को हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई है कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने ही ओबीसी वर्ग को मिलने वाले आरक्षण को 27% से घटाकर 14% करने का काम किया था।उन्होंने कहा कि पार्टी ओबीसी आरक्षण की सीमा बढ़ाने के लिए संघर्ष करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ओबीसी को उनका अधिकार दिलाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार आरक्षण में वृद्धि संबंधी विधेयक को लटका रही है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने भाजपा पर ओबीसी, दलित और अल्पसंख्यक विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि अगर आजादी के समय भाजपा का शासन होता तो इन वर्गों को उनके मूल अधिकार और आरक्षण नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले ही झारखंड निकाय चुनाव में पिछड़ों के लिए आरक्षण की वकालत की है। कांग्रेस पार्टी ओबीसी आरक्षण की समर्थक है और राज्य में आरक्षण बढ़ाने की मांग कर रही है। लेकिन भाजपा पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है। यही कारण है कि झारखंड विधानसभा से पारित आरक्षण संशोधन विधेयक को केंद्र सरकार की ओर से अब तक लटका कर रखा गया है।
