Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने दावा किया कि घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन समर्थित जेएमएम प्रत्याशी सोमेश सोरेन की जीत तय है। लाल किशोरनाथ शाहदेव ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के दावे को उनकी हताशा और निराशा परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ही हार मान चुकी हैं, इसलिए बीजेपी के नेता इस तरह के हवा-हवाई दावे करके अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

लाल किशोरनाथ शाहदेव ने दावा किया कि घाटशिला की जनता ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि घाटशिला का चुनाव परिणाम चौंकाने वाला जरूर होगा, लेकिन वह चौंकाएगा एनडीए को। महागठबंधन के उम्मीदवार की जीत भारी बहुमत से तय है। मतदान का उच्च प्रतिशत गरीबों, आदिवासियों और किसानों के पक्ष में गया है, जो राज्य सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं।

वहीं कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने दिल्ली बम विस्फोट की घटना को लेकर भाजपा द्वारा झारखंड सरकार पर लगाए गए आरोपों की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर घटिया राजनीति करना शर्मनाक है। आतंकवाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करती हैं। भाजपा अध्यक्ष को इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय केंद्र सरकार से झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए अधिक फंड की मांग करनी चाहिए।

बिहार चुनाव के नतीजों पर भाजपा के दावे को खारिज करते हुए शाहदेव ने कहा कि बिहार में जनता ने इस बार एनडीए की डबल इंजन वाली सरकार की विफलताओं को पूरी तरह से नकार दिया है। बिहार का उच्च मतदान प्रतिशत बदलाव की लहर का संकेत है। महागठबंधन वहा भी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है। बीजेपी नेताओं को अब 14 नवंबर को आने वाले वास्तविक नतीजों का इंतजार करना चाहिए, जो उनकी पार्टी के सारे दावों की पोल खोल देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!