Ranchi:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा पर की गई टिप्पणी को दुर्भावनापूर्ण और विकास विरोधी करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का बयान उनके झारखंड के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लंदन में शॉपिंग नहीं कर रहे, बल्कि झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के द्वार खोल रहे हैं और राज्य में निवेश लाने के लिए वैश्विक मंचों पर चर्चा कर रहे हैं। यूके की मंत्री और वहां के विश्वविद्यालयों के साथ उनका संवाद झारखंड को एक नई पहचान दिला रहा है, जिससे बीजेपी डरी हुई हैं।

नेता प्रतिपक्ष के गणतंत्र दिवस से दूरी वाले आरोप पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। बीजेपी नेता केवल झूठ और अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। जब प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर फोटो सेशन कराते हैं, तब बाबूलाल मरांडी को विकास नजर आता है, लेकिन जब एक आदिवासी मुख्यमंत्री झारखंड की संस्कृति, मेगालिथ धरोहर और शिक्षा के लिए यूके सरकार से हाथ मिलाता है, तो इन्हें शॉपिंग नजर आती है। यह आदिवासियों के प्रति बीजेपी की सामंती सोच का प्रमाण है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राज्य की कानून व्यवस्था पर कहा की सरकार हर अपराधी के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। बोकारो या जमशेदपुर की घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय बाबूलाल मरांडी को केंद्र सरकार से पूछना चाहिए कि वे झारखंड का बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपये का कोयला रॉयल्टी फंड क्यों दबाकर बैठे हैं?

उन्होंने कहा कि जो खुद दूसरों के सहयोग से कुर्सी तलाश रहे हैं, वे घोटाले की बात न करें। राज्य की जनता देख रही है कि कैसे बीजेपी विकास कार्यों में बाधा डाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!