Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए अब अनर्गल बहानेबाजी और भ्रम फैलाने की राजनीति पर उतर आई है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और वह पूरी तरह से संवैधानिक नियमों के तहत ही चुनाव संपन्न कराता है। भाजपा को संवैधानिक संस्थाओं के काम में हस्तक्षेप करने की पुरानी आदत है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। भाजपा का यह कहना कि लाखों मतदाता वंचित रह जाएंगे, केवल जनता के बीच डर और संशय पैदा करने की कोशिश है। राज्य सरकार हर पात्र नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब-जब निकाय चुनाव की सुगबुगाहट तेज होती है, भाजपा के नेता तकनीकी खामियों का रोना रोने लगते हैं।बीजेपी किसी ना किसी रूप से निगम चुनाव रोकना चाहती है । असल में बाबूलाल मरांडी को पता है कि शहर की जनता ने भाजपा के कुशासन को नकार दिया है और उन्हें अपनी हार सामने दिख रही है।

उन्होंने कहा कि जो पार्टी देश भर में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास करती है, उसके नेताओं के मुंह से लोकतांत्रिक मूल्यों की बात शोभा नहीं देती। हेमंत सोरेन की सरकार में हर चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुए हैं और निकाय चुनाव भी इसी का उदाहरण बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!